पात्रा चॉल भूमि घोटाले के आरोप में अब तक जेल में बंद शिवसेना नेता व राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बड़ा खुलासा किया है। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा है कि राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिवसेना के बीच हुए समझौते के तहत एकनाथ शिंदे को ही सीएम बनाया जाना था।
पार्टी में लौटेंगे बागी विधायक
शिवसेना नेता संजय राउत ने दावा किया कि कुछ बागी विधायक पार्टी में वापस लौट आएंगे। उन्होंने कहा, शिंदे गुट में गए विधायक अब पार्टी से बगावत करने की वजह बता रहे हैं। मुझे विश्वास है कि कई विधायक वापस लौट आएंगे। इसके अलावा उन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग मामलों पर भी अपने विचार रखे। राउत ने कहा, ऐसे सभी मामलों की जांच संयुक्त संसदीय समिति को करनी चाहिए।
शरद पवार पर टिप्पणी के मामले में भाजपा प्रमुख के खिलाफ शिकायत
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक नेता ने शनिवार को ठाणे पुलिस में महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले के कथित बयान के लिए शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने शरद पवार को काला जादू करने वाला बताया था। बावनकुले ने शुक्रवार को सतारा में मीडिया से बातचीत के दौरान कथित तौर पर कहा कि पवार अपने प्रभाव में किसी पर भी 'काला जादू' करते हैं। राकांपा के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने खड़कपाड़ा थाने में मामला दर्ज करने की मांग की।