महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद को लेकर रास्ते अलग होने के बाद अब एनडीए की संस्थापक पार्टियों में शामिल शिवसेना का गठबंधन से बाहर होना भी लगभग तय हो गया है। शिवसेना ने साफ कर दिया है कि वह रविवार को होने वाली एनडीए की बैठक में शामिल नहीं होगी। साथ ही, सोमवार से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में शिवसेना सांसद दोनों सदनों में विपक्षी खेमे में बैठेंगे।
महाराष्ट्र में शिवसेना के नेतृत्व में बनने वाली गठबंधन सरकार को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और एनसीपी प्रमुख शरद पवार के बीच रविवार को होने वाली बैठक टल सकती है। एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि रविवार को पुणे में एनसीपी कोर कमेटी की बैठक है, जिसके चलते पवार का दिल्ली पहुंचना मुश्किल है। बैठक शाम चार बजे होगी, उसके बाद ही पवार दिल्ली रवाना होंगे।