इस बार राज्यसभा चुनाव में शिवसेना दो उम्मीदवारों को उतारने जा रही है। इस बात की जानकारी खुद पार्टी के नेता संजय राउत ने दी। वहीं इस दौरान जब पत्रकारों ने राउत से पूछा कि क्या इस बार संभाजी राजे को भी राज्यसभा का टिकट मिलेगा तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। वहीं सूत्रों के हवाले से पता चला है कि शिवाजी के वंशज संभाजी राजे के सामने शिवसेना ने शर्त रखी है कि राज्यसभा में जाने के लिए उन्हें शिवबंधन बांधना होगा यानी पार्टी में शामिल होना होगा। हालांकि अभी तक वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ही चुनाव लड़ने की अपनी बात पर अड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि राजे सोमवार की दोपहर 12 बजे मातोश्री जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। मुलाकात के दौरान वे शिवसेना का शिवबंधन बांधेंगे।
महाराष्ट में इन छह राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा
बता दें कि महाराष्ट्र के छह राज्यसभा सदस्यों पीयूष गोयल, विनय सहस्त्रबुद्धे और विकास महात्मे (भाजपा), पी चिदंबरम (कांग्रेस), प्रफुल्ल पटेल (एनसीपी) और संजय राउत (शिवसेना) का कार्यकाल 4 जुलाई को समाप्त हो रहा है। इन छह सीटों पर 10 जून को चुनाव होना हैं।
एनसीपी शिवसेना उम्मीदवार का करेगी समर्थन: शरद पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(NCP) प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र की छह राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में संभाजीराजे छत्रपति या शिवसेना द्वारा चुने गए किसी भी अन्य उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।
शिवसेना को खुद संभाजीराजे को राज्यसभा सीट की पेशकश करनी चाहिए थी: दानवे
केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने सोमवार को कहा कि अगर महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना ने संभाजीराजे छत्रपति को अपनी राज्यसभा सीट की पेशकश की होती, तो यह छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज के लिए पार्टी के सम्मान को दर्शाता है।