फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अजित पवार को लेकर भाजपा का बदला रुख?: 'सामना' में अमित शाह की तारीफ पर सवाल, याद दिलाईं पुरानी बातें

Wed, 18 Nov 2026 11:57 AM IST
अमन मौर्या आईएएनएस, मुंबई

सार

शिवसेना (यूबीटी) ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में अमित शाह पर अजित पवार को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। पार्टी ने भाजपा के पुराने आरोपों और मौजूदा तारीफों पर सवाल उठाते हुए अजित पवार की मौत की संदिग्ध परिस्थितियों की पारदर्शी जांच न होने पर भी केंद्र सरकार को घेरा।
विज्ञापन
अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शिवसेना (यूबीटी) ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर दोहरे मापदंड अपनाने, राजनीतिक अवसरवाद और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत से जुड़ी संदिग्ध परिस्थितियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि अजित पवार की मौत के मामले में उठ रहे सवालों पर केंद्र सरकार की ओर से कोई पारदर्शी जांच नहीं कराई गई है।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: 'बधाई हो साथियों': लश्कर कमांडर लतीफ भट के एनकाउंटर के बाद सीआरपीएफ प्रमुख का ट्वीट वायरल, कही ये बात

शिवसेना (यूबीटी) ने अपने मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में अमित शाह की तारीफ को भाजपा के पुराने राजनीतिक रुख के बिल्कुल विपरीत बताया। पार्टी ने सवाल उठाया कि जिस नेता और उनके परिवार को भाजपा के शीर्ष नेता कभी निशाना बनाते थे, आज उसी नेता की प्रशंसा की जा रही है।
विज्ञापन


दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर पुणे पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पुणे जिला परिषद परिसर में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह अजित पवार के प्रशासनिक अनुशासन, बारामती में जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता और सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में शामिल होने के उनके फैसले को याद करते हुए भावुक हो गए। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी इस दौरान अजित पवार से जुड़े कुछ निजी संस्मरण साझा किए। उनके संबोधन से कार्यक्रम में मौजूद लोग भावुक हो गए।

पवार पर भाजपा नेताओं ने क्या आरोप लगाए थे?
संपादकीय में कहा गया कि अजित पवार के सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत भाजपा के कई शीर्ष नेता कथित 70 हजार करोड़ रुपये के सिंचाई घोटाले को लेकर अजित पवार और उनके परिवार पर सार्वजनिक रूप से निशाना साधते थे। उस दौरान उनके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी सक्रिय किया गया था।

शिवसेना (यूबीटी) ने आरोप लगाया कि पवार परिवार में फूट जेल जाने के डर के कारण डलवाई गई थी। संपादकीय में इसे दिवंगत नेता पर किया गया मानसिक, राजनीतिक और भावनात्मक हमला बताया गया।

अजित पवार की मौत की परिस्थितियों पर उठाए सवाल
ठाकरे गुट ने अजित पवार की इस साल की शुरुआत में हुई मौत की परिस्थितियों को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व के दबाव में अजित पवार गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे थे और विमान हादसे में मौत से पहले अपनी राजनीतिक दिशा बदलने पर विचार कर रहे थे। संपादकीय में केंद्रीय गृह मंत्रालय पर जानबूझकर निष्क्रिय रहने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि हादसे की संदिग्ध परिस्थितियों को लेकर विधायक रोहित पवार और अन्य लोगों की ओर से सबूत पेश किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं की गई है और न ही पारदर्शी जांच शुरू हुई है।

पार्टी ने अजित पवार के श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अध्यक्षता अमित शाह के करने पर भी सवाल उठाया। संपादकीय में कहा गया कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता की विरासत का सम्मान आम किसानों और कार्यकर्ताओं को करना चाहिए था, न कि उन लोगों को जिन पर उन्हें कमजोर करने के आरोप लगते रहे हैं।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: 26/11 आतंकी हमला मामला: तहव्वुर राणा को मिलेंगे एनआईए के दस्तावेज, दिल्ली की विशेष अदालत ने दी मंजूरी

कोविड प्रबंधन पर अमित शाह की टिप्पणी का भी दिया जवाब
अमित शाह ने कार्यक्रम में कहा था कि किसी की छवि खराब करने से सफलता नहीं मिलती। इसके अलावा उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए प्रबंधन पर भी परोक्ष रूप से हमला बोला था। इस पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने गृह मंत्री पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। पार्टी ने अपने संपादकीय में उद्धव ठाकरे के महामारी प्रबंधन का बचाव करते हुए कहा कि उनके काम को दुनियाभर में पहचान मिली थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें