शिवसेना नेता संजय राउत ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान शिवसेना सांसद ने पार्टी के 12 बागी सदस्यों को अयोग्य करार देने की मांग की। दरअसल, लोकसभा में शिवसेना के 12 सांसद एकनाथ शिंदे गुट के साथ हैं।
लोकसभा स्पीकर के साथ बैठक के बाद राउत ने कहा कि मैंने लोकसभा में शिवसेना के 12 सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग की है। लोकसभा में शिवसेना के इन 12 सांसदों ने राहुल शेवाले को अपना नेता बताया था। इसके अलावा इन्होंने भावना गवली को पार्टी का मुख्य सचेतक बनाया था। लोकसभा अध्यक्ष ने शेवाले को लोकसभा में शिवसेना के नेता के रूप में मान्यता दे दी है।
शिंदे गुट और भाजपा मिलकर लड़ेंगे औरंगाबाद निकाय चुनाव
इस बीच खबर आ रही है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का बागी समूह और भाजपा गठबंधन बनाकर औरंगाबाद नगर निगम (एएमसी) का चुनाव लड़ेंगे। दरअसल, जल्द ही एएमसी चुनाव होने वाले हैं और तारीखों की घोषणा की जानी बाकी है।
रोजगार देने में मोदी सरकार फेल: राकांपा
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दो साल में दो करोड़ रोजगार देने के अपने वादे से मुकर गई है। राकांपा के मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने लोकसभा को बताया कि 2014 से अब तक सरकारी नौकरियों के लिए 22 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए, लेकिन केवल 7.22 लाख आवेदनों पर ही विचार किया गया। इसका मतलब है कि महज 0.32 फीसदी आवेदनकर्ताओं को ही रोजगार मिला और 99 फीसदी से ज्यादा अभ्यर्थियों को खारिज कर दिया गया।