उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फिल्म सिटी के अपने ड्रीम प्रोजेक्ट को साकार करने में जुटे हुए हैं। इसके लिए वह दो दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचे हैं। उन्होंने नोएडा फिल्म सिटी को लेकर बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से मुलाकात भी की। वहीं, शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने पूछा है कि क्या सीएम योगी अन्य राज्यों में बनी फिल्म सिटी को लेकर भी वहां के कलाकारों से बात करेंगे या फिर सिर्फ मुंबई में ही ऐसा करने वाले हैं?
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, 'मुंबई की फिल्म सिटी को दूसरी जगह शिफ्ट करना आसान नहीं है। दक्षिण भारत में भी फिल्म उद्योग बड़ा है, पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी फिल्म सिटी है। क्या योगी जी इन स्थानों पर भी जाएंगे और वहां के निर्देशकों/कलाकारों से बात करेंगे या क्या वह केवल मुंबई में ही ऐसा करने जा रहे हैं?'
राउत ने मुख्यमंत्री योगी से सवाल करते हुए पूछा कि पहले सीएम योगी को यह बताना चाहिए कि नोएडा फिल्म सिटी का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि मुंबई की फिल्म सिटी को कोई कहीं नहीं ले जा सकता है।
मुंबई फिल्म सिटी शिफ्ट करने के मुगालते में ना रहें: निरुपम
वहीं, कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा, 'बॉलीवुड को कोई कहीं नहीं ले जा सकता और ना ही यह किसी सरकार या राजनीतिक पार्टी के संरक्षण का मोहताज है। सिनेमा के दीवानों ने अपनी मेहनत से इस विराट दुनिया को बसाया है और यह इंटरनल प्रक्रिया सौ वर्षों से जारी है। नेता लोग इसे शिफ्ट करने या बचाने के मुगालते में ना रहें।'
एनसीपी ने किया योगी आदित्यनाथ का विरोध
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुंबई के दो दिवसीय दौर पर पहुंचे हैं। वह उद्योगपतियों संग बैठकर पर उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर चर्चा कर रहे हैं। वहीं एनसीपी विधायक ने सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर विरोध किया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंगलवार रात को मुंबई के ट्राइडेंट होटल में अभिनेता अक्षय कुमार ने मुलाकात की। सीएम योगी इसी होटल में ठहरे हुए हैं। इस अवसर पर योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण की असीम संभावनाएं हैं।
इसके दृष्टिगत राज्य सरकार फिल्म नीति-2018 के माध्यम से फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। राज्य में फिल्मों की शूटिंग होने से स्थानीय लोगों को रोजगार व प्रदेश के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होता है। प्रदेश में फिल्म की शूटिंग करने वाले निर्माताओं को हर सम्भव सहयोग व सुविधा प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय कुमार ने अपनी कला का सदुपयोग करते हुए ‘टाॅयलेट एक प्रेम कथा’ फिल्म के माध्यम से समाज को प्रेरक संदेश दिया। ऐसी फिल्में समाज में जागरूकता उत्पन्न करने में मददगार सिद्ध होती हैं।