शिवसेना ने कहा है कि राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने से रोकने पर कांग्रेस समाप्त हो जाएगी। शिवसेना के मुखपत्र सामना में लिखे एक लेख में पार्टी नेता संजय राउत ने कहा है कि कांग्रेस में ऐसा कोई नेता नहीं है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टक्कर दे सके।
कांग्रेस में पूर्णकालिक अध्यक्ष, जो मैदान में सक्रिय रहे और पार्टी कार्यालय में भी ‘दिखे’, की नियुक्ति को लेकर सोनिया गांधी को 23 कांग्रेस नेताओं द्वारा लिखे गए पत्र का जिक्र करते हुए शिवसेना नेता ने आश्चर्य जताया कि उन्हें सक्रिय होने से कौन रोक रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पार्टी की कमान संभालने से रोकने पर पार्टी विलुप्त हो जाएगी। गांधी परिवार के बाहर का व्यक्ति कांग्रेस अध्यक्ष बने यह अच्छा आइडिया है, लेकिन उन 23 नेताओं में अध्यक्ष बनने की क्षमता नहीं है। गौरतलब है कि शिवसेना, महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार चला रही है।