Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2024: ठाणे जिले में विधानसभा की कुल 18 सीटें हैं। पिछली बार सर्वाधिक 8 विधानसभा सीटों पर भाजपा का कमल खिला था, जबकि 5 सीटें शिवसेना ने जीती थी। वहीं, एनसीपी के दो, सपा और मनसे के एक-एक विधायक के अलावा मीरा भाईंदर सीट से निर्दलीय गीता जैन ने बाजी बारी मारी थी।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का शहर ठाणे कभी भाजपा का गढ़ था, लेकिन अब भाजपा के सामने चुनौतियों का पहाड़ खड़ा हो गया है। ठाणे जिले में सबसे ज्यादा भाजपा के विधायक हैं। पार्षदों से लेकर ग्राम पंचायतों तक कमल खिल चुका है, लेकिन विधानसभा चुनाव में शिवसेना के बागियों ने भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।
विज्ञापन
ठाणे जिले में विधानसभा की कुल 18 सीटें हैं। पिछली बार सर्वाधिक 8 विधानसभा सीटों पर भाजपा का कमल खिला था, जबकि 5 सीटें शिवसेना ने जीती थी। वहीं, एनसीपी के दो, सपा और मनसे के एक-एक विधायक के अलावा मीरा भाईंदर सीट से निर्दलीय गीता जैन ने बाजी बारी मारी थी। इस बार ठाणे में भाजपा से 9, शिवसेना के 7 और एनसीपी के 2 सीटों पर उम्मीदवार हैं, जबकि एमवीए से शिवसेना (यूबीटी) के सर्वाधिक 10, एनसीपी (एसपी) से 5, कांग्रेस के 2 और सपा का एक प्रत्याशी है। भाजपा विधानसभा चुनाव में पिछला प्रदर्शन दोहराना चाहती है, लेकिन शिंदे की शिवसेना के बागियों ने 3 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार के सामने मैदान में हैं। कल्याण पूर्व सीट पर पुलिस थाने में फायरिंग करने वाले विधायक गणपत गायकवाड़ की पत्नी सुलभा गायकवाड़ भाजपा की प्रत्याशी हैं, जहां सीएम शिंदे के करीबी और शिवसेना के शहर प्रमुख महेश गायकवाड़ ने बगावत कर निर्दलीय ताल ठोंकी है। वहीं, ऐरोली में भाजपा के गणेश नाईक के खिलाफ शिवसेना के विजय चौगुले और बेलापुर में भाजपा की उम्मीदवार मंदा म्हात्रे के खिलाफ शिवसेना के विजय नाहाटा मैदान में हैं। इसी तरह शिवसेना की 2 सीटों पर भी भाजपा के नेताओं ने बगावत की है, जिनमें कल्याण पश्चिम, भिवंडी ग्रामीण सीट शामिल है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया था कि उनके जिले में कोई बगावत नहीं होगी। लेकिन वे अपने नेताओं की ही बगावत नहीं रोक पाए।
शिंदे के सामने शिंदे बिगाड़ेंगे उद्धव का खेल
ठाणे शहर की कोपरी-पांच पाखाडी सीट पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सामने उद्धव ठाकरे ने उनके गुरु दिवंगत आनंद दिघे के भतीजे केदार दिघे को मैदान में उतारा है। लेकिन, कांग्रेस के नेता मनोज शिंदे के निर्दलीय मैदान में उतरने से उद्धव का खेल बिगड़ सकता है। वहीं, ठाणे शहर की सीट पर भाजपा, शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। मीरा-भाईंदर में भाजपा की पूर्व महापौर निर्दलीय विधायक गीता जैन इस बार भी भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र मेहता के खिलाफ मैदान में हैं।