शिवसेना सांसद रवीन्द्र गायकवाड़
- फोटो : Social Media
एयर इंडिया के स्टाफ की चप्पल से पिटाई करने वाले शिवसेना सांसद कार से दिल्ली पहुंचे। बताते चलें कि स्टाफ की पिटाई से नाराज एयर इंडिया सहित दूसरी विमानन कंपनियों ने रविंद्र गायकवाड़ के ट्रैवल पर बैन लगा दिया है।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपने सूत्रों के हवाले से लिखा, गायकवाड़ बुधवार को कार से दिल्ली पहुंचे। लेकिन वह संसद सत्र की कार्यवाही में भाग लेने नहीं पहुंचे। हालांकि, पार्टी से अनुमति मिलने के बाद गुरुवार को सत्र में हिस्सा ले सकते हैं।
बताते चलें कि इससे पहले खबर थी कि गायकवाड़ ने मुंबई से नई दिल्ली के लिए मंगलवार को राजधानी एक्सप्रेस का टिकट बुक कराया था। मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के कोच ए-3 में लगे चार्ट में भी उनका नाम था। लेकिन वह उस स्टेशन पर नहीं चढ़े।
गायकवाड़ के खिलाफ सख्त रुख कायम रखते हुए एयर इंडिया ने मंगलवार को दिल्ली यात्रा के लिए उनके दो टिकट रद्द कर दिए। यह कदम एयर इंडिया के कर्मचारी के साथ बदसलूकी और सभी घरेलू विमानन कंपनियों की ओर से उनकी हवाई यात्रा पर प्रतिबंध के बाद उठाया गया है।
सूत्रों ने कहा कि सांसद ने प्रतिबंध से पहले दोनों ओपन टिकट खरीदे थे। उनके स्टाफ ने बुधवार को मुंबई से दिल्ली सफर के लिए एआई 806 उड़ान का टिकट बुक कराया था। एयर इंडिया के बयान में कहा गया है कि यह टिकट रद्द कर दिया गया है। इसके बाद उनके स्टाफ ने हैदराबाद से दिल्ली के लिए एआई 551 उड़ान का टिकट बुक कराया और इसे भी रद्द कर दिया गया।