फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी से मिलकर गदगद हुए शिंजो आबे, कहा- सबसे भरोसेमंद दोस्त हैं नरेंद्र मोदी

Sun, 28 Oct 2018 01:45 PM IST
भाषा, नई दिल्ली
विज्ञापन
- फोटो : ANI
विज्ञापन

जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने पीएम नरेंद्र मोदी को अपना सबसे भरोसेमंद दोस्त बताया है। आबे ने कहा कि मोदी महान देश के उत्कृष्ट नेता हैं। पूरी जापान सरकार की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत करना मेरा सौभाग्य है। जिस दिन जापानी बुलेट ट्रेनें मुंबई से अहमदाबाद के बीच दौड़ेंगी, वह दिन भारत-जापान की दोस्ती के लिए एक चमकता संदेश होगा। दोनों नेताओं के बीच रविवार को यामानाशी में मुलाकात हुई। मोदी-आबे की इस मुलाकात का मकसद आपसी रिश्तों को और मजबूत करना है। 

विज्ञापन


मोदी 13वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शनिवार शाम यामानाशी पहुंच गए थे। आबे ने कहा कि वह मोदी के साथ मिलकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र को खुला और मुक्त बनाने के लिए द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करना चाहते हैं। भारत एक वैश्विक शक्ति के तौर पर क्षेत्र और विश्व समृद्धि को मजबूत कर रहा है। 

जापानी पीएम ने कहा कि मेरा हमेशा से मानना है कि जापान और भारत के बीच संबंध विश्व में सबसे बड़ी संभावना से समृद्ध हैं। जापान और भारत का सहयोग सुरक्षा, निवेश, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों में बढ़ रहा है। जापान भारत की आर्थिक वृद्धि और अपनी बेहतरीन तकनीकों का इस्तेमाल कर हाईस्पीड रेल, भूमिगत मार्ग व अन्य इंफ्रा प्रोजेक्ट्स में मदद के जरिये मोदी की मेक-इन-इंडिया पहल को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है। हम सभी क्षेत्रों में अच्छी स्थिति में हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

आजीवन बना रहूंगा भारत का मित्र

जापानी पीएम ने कहा कि वह आजीवन भारत के मित्र बने रहेंगे। दोनों देशों के नेताओं के बीच सालाना बैठक से द्विपक्षीय संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उम्मीद है कि हर बार की तरह इस बार भी पीएम मोदी से मुलाकात अच्छे नतीजों के साथ खत्म होगी। 

मोदी ने आबे को भेंट किए स्फटिक के कटोरे
होटल माउंट फूजी में मुलाकात के दौरान मोदी ने आबे को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के बुनकरों की बनाई दरी गिफ्ट की। साथ ही राजस्थान में मिलने वाले गुलाबी और पीले स्फटिक के हस्तनिर्मित दो कटोरे भेंट किए। इन कटोरों को गुजरात के खंभात के हस्तशिल्पी शब्बीर हुसैन इब्राहीम शेख ने बनाया है।

रोबोट कंपनी के कारखाने गए मोदी
मोदी और आबे यामानाशी में औद्योगिक रोबोट विनिर्माता कंपनी ‘फानुक’ के कारखाने भी गए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘आधुनिक प्रौद्योगिकी में हमारे बीच सहयोग को आगे बढ़ाते हुए मोदी और आबे फानुक के कारखाने गए। यह दुनिया में औद्योगिक रोबोट की सबसे बड़ी कंपनी है।’

आबे के होलीडे होम में किया रात्रिभोज
आबे ने शाम को यामानाशी में लेक कावागची के नजदीक अपने खास होलीडे होम में मोदी को रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया। मोदी इस होलीडे होम में आमंत्रित पहले विदेशी नेता हैं। इस दौरान दोनों के बीच अनौपचारिक बातचीत भी हुई। यामानाशी में आठ घंटे बिताने के बाद दोनों नेता एक्सप्रेस ट्रेन से टोक्यो पहुंचे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें