कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन के चलते शताब्दी और वंदेभारत ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था। वहीं, शनिवार को 174 दिन एक बार फिर ये ट्रेनें पटरी पर दौड़ीं। हालांकि, इस दौरान यात्रियों की संख्या में खासी गिरावट देखी गई।
पहले दिन इन ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 25 फीसदी थी। गौरतलब है कि कुल 86 नई ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। इस तरह देशभर में कुल 316 ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
पहली शताब्दी ट्रेन सुबह दिल्ली से लखनऊ के बीच चली और वंदेभारत ट्रेन दिल्ली से वाराणसी के लिए चली। वहीं, अगले कुछ दिनों के लिए इन ट्रेनों में बुक सीटों की संख्या में भी कमी देखी गई है। बता दें कि कुल 24 शताब्दी और वंदेभारत ट्रेनें चल रही हैं।
रेलवे बोर्ड शनिवार को चली दोनों ट्रेनों की प्रतिक्रिया को देखते हुए इन श्रेणी की और ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है। 86 ट्रेनों में 6 स्पेशल ट्रेनें ओडिशा की भी शामिल हैं, जिनकी पहले घोषणा नहीं की गई थी।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के बीच भारतीय रेलवे 80 नई विशेष ट्रेनों का संचालन कर रही है। कुछ दिन पहले ही रेलवे की तरफ से इसका एलान किया गया। अनलॉक 1 की शुरुआत से ही रेलवे 230 ट्रेनों का संचालन कर रहा है, वहीं अब इस सूची में 80 और ट्रेनें जुड़ गई है।
रेलवे ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा था कि अनलॉक 4 में 12 सितंबर से यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 80 नई ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। साथ ही कहा था कि जरूरत पड़ने पर रेलवे क्लोन ट्रेन भी चलाएगा।