कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केरल विधानसभा चुनाव के बीच भाजपा और सत्तारूढ़ एलडीएफ पर जोरदार हमला बोला है। थरूर ने मतदाताओं से अपील की है कि जो लोग राज्य से वामपंथी सरकार को हटाना चाहते हैं, वे भाजपा को वोट देकर अपना वोट बर्बाद न करें। उन्होंने दावा किया है कि 9 अप्रैल को एलडीएफ का भाग्य तय हो जाएगा और यूडीएफ की जीत का जश्न मनेगा।
केरल में चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग बेहद तेज हो गई है। दिग्गज कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। थरूर ने मतदाताओं से बेहद सधे हुए अंदाज में एक खास अपील की। शशि थरूर ने कहा कि जिस पार्टी के पास विधानसभा में एक भी सीट नहीं है, उसे चुनाव में एक गंभीर फैक्टर के रूप में नहीं देखा जा सकता।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि जब वे शून्य सीट वाली पार्टी हैं, तो आप उन्हें एक मजबूत विकल्प या फैक्टर के तौर पर गंभीरता से नहीं ले सकते। वे दावा कर रहे हैं कि वे अपना खाता खोलेंगे, भले ही वे अधिकतम एक, दो या तीन सीटें जीत लें। लेकिन इतने भर से केरल के भविष्य में कोई बड़ा बदलाव आने वाला नहीं है।
भाजपा पर बर्बाद न करें बेशकीमती वोट- शशि थरूर
'वोट कटवा' की रणनीति पर प्रहार करते हुए शशि थरूर ने कहा कि जो लोग चाहते हैं कि राज्य से एलडीएफ की सरकार जाए, उन्हें अपने बेशकीमती वोट भाजपा पर बर्बाद नहीं करने चाहिए। इसकी सीधी सी वजह यह है कि भाजपा के पास कभी भी इतनी ताकत नहीं हो सकती कि वह सत्ता में आकर कोई बड़ा बदलाव ला सके।
केरल में बदलाव की जरूरत- थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि सभी मतदाता एकजुट होकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के पक्ष में मतदान करें, जिससे राज्य में एक मजबूत और स्थिर सरकार बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि केरल को अब एक नई दिशा, नई सोच और बदलाव की सख्त जरूरत है।
सत्तारूढ़ एलडीएफ पर निशाना साधते हुए थरूर ने कहा, "मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं कि एलडीएफ सरकार के दिन अब गिनती के बचे हैं। 9 अप्रैल को उनके भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा और 4 मई को चुनाव परिणाम आने पर हम सब मिलकर शानदार जीत का जश्न मनाएंगे।"