कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पीएम अपने सिर पर अलग-अलग तरह की पगड़ी तो पहन लेते हैं लेकिन मुस्लिम टोपी पहनने से क्यों बचते हैं? उन्होंने पीएम मोदी से इसका जवाब भी मांगा हैं। इस दौरान थरूर तिरुवनंतपुरम में 'नफरत के खिलाफ: वर्तमान भारत में हिंसा और असहनशीलता' आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
थरूर ने कहा कि नरेंद्र मोदी को अलग-अलग तरह के कपड़े पहनते हुए देखा है लेकिन वह कभी भी मुस्लिम टोपी नहीं पहनते हैं। उन्होंने कहा कि वह हरा रंग क्यों नहीं पहनते हैं। थरूर ने स्वामी अग्निवेश का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड के पाकुड़ में पिछले महीने उनपर हमला हुआ। अगर स्वामी विवेकानंद आज भारत में होते तो वो भी आज उन गुंडों के निशाने पर होते। वो उनके चेहरे पर भी फेंकने के लिए इंजन का तेल लाते और उन्हें गिराकर लातों से पीटते। फिर वो भी कहते कि इंसानियत सबसे जरूरी है।
बता दें कि इस कार्यक्रम में स्वामी अग्निवेश भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ मिलकर पार्टी और आरएसएस पर कब्जा कर लिया है। अग्निवेश ने कहा कि मेरे ऊपर हमला हुआ लेकिन मैं भगवान की कृपा से बच गया। उन्होने कहा जब मेरे ऊपर हमला हुआ तो मैंने सोचा कि आज मैं गया। लेकिन मैं बच गया।