कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब मुकाबला केवल दो उम्मीदवार शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच होगा। मतदान 17 अक्तूबर को करवाया जाएगा और 19 अक्तूबर को परिणाम आएंगे। इन सब के बीच चुनावी प्रक्रिया को लेकर शशि थरूर ने आज समाचार एजेंसी पीटीआई को साक्षात्कार दिया है। उन्होंने कहा कि वह उम्मीदवारों के बीच सार्वजनिक बहस के लिए तैयार हैं क्योंकि इससे लोगों की उसी तरह से पार्टी में दिलचस्पी पैदा होगी, जैसे कि हाल में ब्रिटेन में कंजर्वेटिव पार्टी के नेतृत्व पद के चुनाव को लेकर हुई थी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के बीच विचारों का आदान-प्रदान पार्टी के लिए फायदेमंद साबित होगी।
कांग्रेस नेताओं के दिलों में नेहरू-गांधी परिवार की हमेशा खास जगह रही है: शशि थरूर
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के सदस्यों के दिलों में नेहरू-गांधी परिवार की हमेशा खास जगह रही है और रहेगी। थरूर ने साक्षात्कार में कहा कि कांग्रेस की मौजूदा चुनौतियों का जवाब प्रभावी नेतृत्व और संगठनात्मक सुधार के संयोजन में निहित है। गौरतलब है कि झारखंड के पूर्व मंत्री के. एन. त्रिपाठी का नामांकन पत्र शनिवार को खारिज होने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष पद के चुनाव में अब मुकाबला खड़गे और थरूर के बीच होगा।
संगठनों का उच्च स्तर पर नेतृत्व करने का मेरा विश्वसनीय ट्रैक रिकॉर्ड रहा है: थरूर
थरूर ने कहा कि संगठनों का उच्च स्तर पर नेतृत्व करने का मेरा विश्वसनीय ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। संयुक्त राष्ट्र के जन सूचना विभाग के अवर प्रभारी महासचिव के तौर पर मैंने दुनियाभर में 77 कार्यालय में 800 से अधिक कर्मियों के संयुक्त राष्ट्र के सबसे बड़े विभाग के संचार का जिम्मा संभाला था। इसे देखते हुए कई लोगों ने मुझे संयुक्त राष्ट्र संगठन का नेतृत्व करने के लिए चुनाव लड़ने का अनुरोध किया था। कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। जरूरत पड़ने पर चुनाव 17 अक्टूबर को कराया जाएगा। मतगणना 19 अक्टूबर को होगी और नतीजे उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
बदलाव नहीं होगा तो हम आगे कैसे बढ़ेंगे?
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि पिछले कुछ सालों से कार्यकर्ताओं से मैंने सुना कि हमारी पार्टी में बदलाव नहीं होगा तो हम आगे कैसे बढ़ेंगे? इसलिए मैं आगे आया। 2014 और 2019 में हमारी पार्टी को केवल 19% वोट मिलें। अगर हम इस वोट को नहीं बढ़ाएंगे तो 2024 में अधिक वोट कैसे आएंगे। मैं मानता हूं कि कांग्रेस हाईकमान ने जो तय किया कि हम चुनाव करवाकर ही पार्टी के भविष्य को तय करेंगे, यह बहुत अच्छा निर्णय है।