बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने रविवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे से उनके आवास पर मुलाकात की। ठाकरे के मुताबिक, शाहरुख ने बताया कि उनकी आने वाली फिल्म रईस का प्रचार पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान द्वारा किए जाने की बात गलत है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार उन्होंने मनसे सुप्रीमो से वादा भी किया कि आगे से पाकिस्तानी कलाकारों को अपनी फिल्मों में नहीं रखेंगे।
बता दें कि दोनों के बीच मुलाकात रविवार शाम हुई। रईस फिल्म में पाकिस्तानी कलाकार माहिरा खान ने भूमिका निभाई है। यह फिल्म अगले माह रिलीज होने वाली है।
असल में विवाद की शुरूआत उस समय हुई जब कुछ दिन पहले फिल्म के प्रमोशन के वक्त निर्देशक रितेश सिधवानी ने कहा कि जब भारत सरकार ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारत आने और फिल्मों में काम करने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है तो उनके काम करने में क्या दिक्कत है।
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो पाकिस्तानी कलाकारा माहिरा भारत आकर फिल्म का प्रचार भी कर सकती हैं। बताया जाता है कि ट्रेलर लांच के दौरान शाहरुख भी इस बयान से सहमत दिखे थे।
हालांकि जल्द ही उन्हें इस बात का एहसास हो गया कि यह मामला उनकी फिल्म के विरोध की वजह बन सकता है इसलिए उन्होंने जल्द ही अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी। इसी कड़ी में उन्होंने कल शाम मनसे चीफ मुलाकात की।