पाकिस्तान द्वारा 88 प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों और हाफिज सईद, मसूद अजहर और दाऊद इब्राहिम समेत उनके आकाओं पर कड़े वित्तीय प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भाजपा ने पड़ोसी मुल्क से कहा है कि वह मुंबई बम धमाकों के मुख्य अभियुक्त को 'तुरंत' भारत के हवाले करे।
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने एक वीडियो जारी कर पाकिस्तान पर निशाना साधा और कहा कि भारत के कई बार सबूत देने के बाद भी वह अपने यहां दाऊद की मौजूदगी से इनकार करता रहा है और अब अंतरराष्ट्रीय दबाव में उसे यह बात स्वीकार करनी पड़ी है। उन्होंने कहा, 'आज पाकिस्तान को मजबूरी में यह कबूल करना पड़ा कि दाऊद इब्राहिम जो मुंबई बम धमाकों का मुख्य अभियुक्त है, वह पाकिस्तान में छुपा बैठा है।'
पढ़ें- एफएटीएफ के दबाव में झुका पाकिस्तान, हाफिज, अजहर और दाऊद पर लगाया प्रतिबंध
पढ़ें- पाकिस्तान ने पहली बार माना, कराची के व्हाइट हाउस में रहता है दाऊद इब्राहिम, उसके पास 14 पासपोर्ट
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द न्यूज' की खबर के अनुसार, पाकिस्तान सरकार ने हाल ही में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) द्वारा जारी नई सूची के अनुपालन में आतंकवादी समूहों के 88 आकाओं और सदस्यों पर प्रतिबंध लगाए हैं। इन आतंकी संगठनों और उनके आकाओं की सभी संपत्तियों को जब्त करने और बैंक खातों को सील करने के आदेश दिये गए हैं।
भारत ने कई बार दिया सबूत
हुसैन ने कहा, 'भारत ने कई बार सबूत दिया कि दाऊद पाकिस्तान के कराची में रहता है... आईएसआई के साए में रहता है। लेकिन जब दबाव बना दुनिया का... पाकिस्तान कहीं आतंकवादी देश की सूची में ना आ जाए... उसने सभी की सूची दी है। पाकिस्तान को दाऊद इब्राहिम को तुरंत भारत के हवाले करना चाहिए और खुद पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित किया जाना चाहिए।'
यह सूची सिर्फ एक सूची नहीं, बल्कि उनके गुनाहों का कबूलनामा भी है
पेरिस स्थित एफएटीएफ ने जून, 2018 में पाकिस्तान को 'ग्रे लिस्ट' में डाला था और इस्लामाबाद को 2019 के अंत तक कार्ययोजना लागू करने को कहा था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण यह समय सीमा बढ़ा दी गई थी। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान सरकार की 'आतंकियों' की यह सूची सिर्फ एक सूची नहीं, बल्कि उनके गुनाहों का कबूलनामा भी है।
उन्होंने कहा, 'दुनिया के देशों को, अब इस सूची को पाक के नापाक इरादों का सबूत मान कर, उसे आतंकी देश घोषित करने की कार्यवाही शुरू कर देनी चाहिए।' उन्होंने कहा कि दुनिया को भी समझना चाहिए कि पाकिस्तान ने दुनिया के सबसे बड़े आतंकी ओसामा बिन लादेन को भी अपने यहाँ छुपाकर रखा था, जिसे अमेरिकन इंटेलिजेंस ने ढूंढ निकाला और फिर अमेरिकी जवानों ने उसका खात्मा किया।
पढ़ें- पाकिस्तान में रहता है मुंबई की गलियों से निकला अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम
दुनिया को पाकिस्तान पर कड़ी निगाह रखनी होगी
हुसैन ने कहा, 'दुनिया को पाकिस्तान पर कड़ी निगाह रखनी तो होगी ही, अब बिना देर किए कड़ी कारवाई भी करनी चाहिए ताकि दुनिया मे अमन शांति कायम हो सके। मैं चेतावनी देता हूं कि पाकिस्तान अब बिना देरी किये, दाऊद इब्राहिम को भारत को सौंप दें ताकि उसे उसके गुनाह की सजा भारतीय कानून के मुताबिक दी जा सके।'