भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने महाराष्ट्र में 48 में से 45 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखते हुए शनिवार को वहां पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि इनमें से एक सीट ‘बारामती’ होनी चाहिए। दरअसल, बारामती राकांपा सुप्रीमो शरद पवार का गढ़ माना जाता है। इस सीट से अभी पवार की बेटी सुप्रिया सुले सांसद हैं।
शाह ने लोकसभा चुनाव से पहले जिले के तीन निर्वाचन क्षेत्र - पुणे, बारामती और शिरूर के लिए एक समीक्षा बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, कि ‘‘महाराष्ट्र में, यदि हमारा गठबंधन 45 सीट से कम पर जीत हासिल करता है तो इसे जीत नहीं माना जाएगा।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि पार्टी कार्यकर्ता राज्य से मुझे 45 सीटें जीत कर दें और उसे हासिल करने के लिए हमें बारामती सीट जीतनी होगी। यदि हम बारामती जीतते हैं तो ही 45 की संख्या हासिल हो सकती है।’’