दिल्ली में 2012 में हुए निर्भयाकांड की दर्दनाक तस्वीर एक बार फिर ओडिशा में देखने को मिली। कॉलेज की एक छात्रा से ओडिशा के कालाहांडी जिले में करीब दो हफ्ते पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़ित छात्रा ने शुक्रवार को दिए बयान में मुख्य आरोपी के तौर पर बस चालक का नाम लिया है। इसके बाद पुलिस नए सिरे से जांच शुरू कर दी है।
22 वर्षीय पीड़िता के साथ 14 सितंबर को जूनागढ़ के समीप जंगल में कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में दो दिन पहले पुलिस ने में एक किशोर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था। इस वारदात के वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने को लेकर तीन अन्य भी पकड़े गए हैं।
पीड़िता ने दावा किया कि इस घटना से पहले उसके परिचित एक बस चालक ने उसे अपनी बाइक पर लिफ्ट दी और सबसे पहले उसी ने दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि, वैसे तो नौ लोग गिरफ्तार किये गये हैं, लेकिन बस चालक उनमें नहीं है। वह मुख्य आरोपी है। वह मुझसे दुष्कर्म करने वाला पहला व्यक्ति था और पुलिस को उसे तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए।
पीड़िता ने बस चालक को गिरफ्तार नहीं किये जाने पर आत्महत्या कर लेने की धमकी दी। कालाहांडी के पुलिस अधीक्षक बी गंगाधर ने कहा कि, पीड़िता के ताजा बयान को दर्ज करने के लिए एक पुलिस दल भेजा गया है, क्योंकि उसने पहले बस चालक का नाम नहीं लिया था। पीड़िता कोकसारा इलाके की है और एक निजी नर्सिंग कॉलेज की छात्रा है।
उन्होंने कहा कि संभव है कि वह पहले नाम लेना भूल गयी हो क्योंकि वह सामूहिक दुष्कर्म के बाद गहरे सदमे में थी। उन्होंने कहा, नए सिरे से जांच की जा रही है और अब पीड़िता पुलिस को जो बयान देगी, उसके आधार पर उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।