शिवकुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हम सार्वजनिक जीवन में हैं, आप (मीडिया) जनता के बीच सेतु का काम करते हैं। हम राजनेता भी मुश्किल में फंसे लोगों की मदद करते हैं। उस महिला ने कहा कि वह मुझसे मिलने की कोशिश कर रही है। रोजाना कम से कम 10 लोग उनके पास निजी समस्या को लेकर मिलते हैं, उस तरह संभव है महिला आई होगी, लेकिन कभी उनसे नहीं मिली। शिवकुमार ने कहा कि अगर वह आज आती है तो मैं जानकारी लूंगा और तथ्यों को सत्यापित करूंगा।
महिला द्वारा शुक्रवार को दी गई शिकायत के बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री व भाजपा नेता जरकीहोली पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया। इसके कुछ घंटे बाद ही महिला और उसके परिवार के सदस्यों के बीच टेलीफोन पर की गई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ। इसमें कथित रूप से वह यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि वह शिवकुमार के घर उनसे मिलने जा रही है।
जेडीएस ने शनिवार को कहा कि पूर्व मंत्री रमेश जरकिहोली से संबंधित कथित सेक्स स्कैंडल मोहपाश का मामला साबित हो रहा है। पार्टी ने पुलिस से अपील की है कि वह सच्चाई का पता लगाने के लिए राजनीतिक दबाव में आए बगैर निष्पक्ष जांच करे। पार्टी ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि सेक्स स्कैंडल ने देश के सामने कर्नाटक का सिर शर्म से झुका दिया। शुरुआत में जो मामला सेक्स स्कैंडल और यौन शोषण का लग रहा था वह षड्यंत्र जैसा लगने लगा है। इसमें कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार का नाम भी आया है, इसके बाद यह मोहपाश का मामला लगने लगा है। जिस प्रकार लगातार ऑडियो और वीडियो क्लिप जारी किए गए हैं, उससे ऐसा लगता है कि इसके पीछे किसी बड़े समूह का हाथ है।