फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

आरटीआई में खुलासा, कई केंद्रीय मंत्रियों ने अभी तक नहीं चुकाया आधिकारिक बंगलों का बकाया

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: Shilpa Thakur Updated Sun, 19 May 2019 02:24 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
RTI - फोटो : File Photo

आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय का कहना है कि कई केंद्रीय मंत्रियों ने फरवरी तक अपने आधिकारिक बंगलों का बकाया नहीं दिया है। इन मंत्रियों में विजय गोयल, प्रकाश जावड़ेकर, निर्मला सीतारमण और सुषमा स्वराज का नाम भी शामिल है।



आरटीआई के एक सवाल के जवाब में मंत्रालय ने कहा है कि केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और केंद्रीय राज्यमंत्री जीतेंद्र सिंह के बंगलों पर भी भुगतान बाकी है। 


मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि ये बकाया फर्नीचर और अन्य सुविधाओं का है। नकवी को 1.46 लाख रुपये और सिंह को 3.18 लाख रुपये का बकाया देना है। ये आरटीआई अजीत कुमार सिंह ने दायर की थी। जिसका जवाब 26 अप्रैल को मिला है।


शहरी विकास मंत्रालय के तहत आने वाला संपदा निदेशालय राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को बंगले आवंटित करता है। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण को 53,276 रुपये का भुगतान करना है। वहीं जावड़ेकर पर भी अभी तक 86,923 रुपये का बकाया है।


संसदीय मामलों के राज्य मंत्री गोयल ने भी तीन लाख रुपये के बकाए का भुगतान नहीं किया है। वहीं कृषि राज्यमंत्री गजेंद्र सिंह ने भी 2,88,269 रुपये का फरवरी तक भुगतान नहीं किया। आरटीआई के जवाब में कहा गया है कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पर इसी समय अवधि तक 98,890 रुपये बकाया है। 


संपदा निदेशालय उन मंत्रियों और सांसदों को 'नो डिमांड सर्टिफिकेट (एनडीसी)' जारी करता है, जिन्होंने अपना बकाया दे दिया है। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत पर केवल 14,627 रुपये का बकाया है। अगस्त 2014 से फरवरी 2019 तक के 1,37,842 रुपये में से गहलोत ने 1,23,215 रुपये का भुगतान कर दिया है।


हालांकि ऐसे कई केंद्रीय मंत्री हैं, जो अपना बकाया दे चुके हैं। जिन्होंने बकाये का पूरा भुगतान कर दिया है, उनमें राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, गिरिराज सिंह, बाबुल सुप्रियो, हर्षवर्धन, मनोज सिन्हा, नरेंद्र सिंह तोमर, महेश शर्मा, जयंत सिन्हा, रवि शंकर प्रसाद, उमा भारती और स्मृति ईरानी हैं।
विज्ञापन





और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next