महाराष्ट्र के पुणे में पहाड़ी इलाके में एक पिकअप वैन सोमवार को सड़क से 25 से 30 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जिसमें आठ महिलाएं शामिल हैं। हादसे में 25 लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 30 से 35 यात्रियों को ले जा रही पिकअप वैन के चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ। पापलवाड़ी गांव के रहने वाले ये लोग श्रावण मास में पश्चिमी महाराष्ट्र के खेड़ तहसील में श्री क्षेत्र महादेव कुंडेश्वर मंदिर जा रहे थे।
पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, पैत गांव से गुजरते वक्त दोपहर एक बजे चालक के नियंत्रण खोने से पिकअप वैन सड़क से नीचे गिर गई। पिकअप वैन में अधिकांश महिलाएं और बच्चे थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया और हादसे में घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
मृतकों में शोभा ज्ञानेश्वर पापड़, सुमन कालूराम पापड़, शारदा रामदास चोरगे, मंदा कनिफ दरेकर, संजीवनी कैलास दरेकर, मीराबाई संभाजी चोरगे, बयदाबाई नयनेश्वर दरेकर और शकुंतला तानाजी चोरगे शामिल हैं।
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का एलान
पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि महाराष्ट्र के पुणे में हुई एक दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।