Gujarat: गुजरात के वडोदरा जिले के मोक्षी गांव में डामर संयंत्र में एक टैंकर में विस्फोट हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि टैंकर को गर्म किया जा रहा था, ताकि उसमें फंसा डामर निकाला जा सके, तभी गैस के दबाव से धमाका हो गया।
गुजरात के वडोदरा जिले में रविवार शाम एक डामर (अस्फाल्ट) संयंत्र पर टैंकर में विस्फोट हुआ। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
घटना वडोदरा जिले के सावली तालुका के मोक्षी गांव में हुई। भादरवा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ, जब टैंकर को गर्म किया जा रहा था ताकि उसमें फंसा हुआ डामर बाहर निकाला जा सके।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि टैंकर को गर्म करने के दौरान गैस का दबाव बढ़ गया और टैंकर में धमाका हो गया। इस दौरान पास में खड़े तीन लोग मारे गए। मृतकों में टैंकर का चालक, सफाईकर्मी और एक मजदूर शामिल हैं।
धमाके के बाद तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए वडोदरा के अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 26 वर्षीय अरमान जियाउल्लाह (निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश), 21 वर्षीय अशोक गुर्जर (निवासी अलवर, राजस्थान) और 33 वर्षीय शाकिब अख्तर खान (निवासी वडोदरा) के रूप में हुई है।