श्रमिक स्पेशल ट्रेन (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
देशभर में लॉकडाउन में मिली ढील के बाद से ट्रेनों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है और साथ ही लोगों की आवाजाही भी बढ़ी है। प्रवासी श्रमिकों के लिए चलाई गई श्रमिक स्पेशल ट्रेनों की परिचालन भी लगातार जारी है। फिलहाल रेल मंत्रालय के कहने के बाद सात राज्यों ने रेलवे से 63 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों की मांग की है, इनमें अधिकतर 32 ट्रेनें केरल से रवाना होगी और 23 ट्रेनें पश्चिम बंगाल जाएंगी।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिख कर प्रवासी श्रमिकों की वापसी के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के लिए अपनी ‘शेष मांग’ बताने को कहा था।
रेलवे ने बृहस्पतिवार को कहा कि कुल ट्रेनों में अधिकतम 32 ट्रेनें केरल से रवाना होंगी, जबकि ज्यादातर ट्रेनों (23) का गंतव्य पश्चिम बंगाल होगा। तमिलनाडु ने 10, जम्मू कश्मीर (नौ), कर्नाटक (छह), आंध्र प्रदेश (तीन), पश्चिम बंगाल (दो) और गुजरात ने एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन की मांग की है।
रेलवे ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ट्रेनों की अपनी जरूरत के बारे में अब तक नहीं बताया है।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने इस विषय पर राज्यों को पत्र लिखे थे तथा इस बात पर जोर दिया था कि रेलवे अनुरोध प्राप्त होने के 24 घंटे के अंदर जरूरी संख्या में श्रमिक स्पेशल ट्रेनें मुहैया कराएगा।