गुजरात के वडोदरा में होटल के सीवर को साफ करने उतरे चार सफाईकर्मियों समेत सात लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। यह घटना डभोई तहसील के फर्तीकुई गांव के दर्शन होटल में आधी रात के करीब हुआ। हादसे में मरने वालों में होटल के तीन कर्मचारी भी शामिल हैं। हादसे के बाद से होटल का मालिक फरार है।
जिलाधिकारी किरण झावेरी ने शनिवार को बताया कि होटल प्रबंधन ने चार सफाईकर्मियों को मेनहोल साफ करने के लिए बुलाया था। एक सफाईकर्मी जब मेनहोल से बाहर नहीं आया तो बाकी लोग उसे देखने अंदर गए। इस दौरान जहरीली गैस से सभी की दम घुटने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल और स्थानीय निकाय के कर्मचारियों ने बचाव कार्य शुरू किया।
तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को मेनहोल से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, चारों सफाईकर्मी पड़ोस के थुवावी गांव के रहने वाले थे। मेनहोल में उतरे सभी सात लोग जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
इस बीच, गुजरात सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है। सरकार ने होटल मालिक इस्माइल बोरानिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।