सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा हम अगले दो हफ्तों में कोवीशील्ड के आपातकालीन उपयोग के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया में हैं।
टीके के उत्पादन के बारे में पीएम बहुत कुछ जानते हैं
सीरम के सीईओ ने कहा कि टीके और टीके के उत्पादन के बारे में प्रधानमंत्री मोदी को पहले से काफी कुछ जानकारी थी। वह इस संबंध में बहुत कुछ जानते हैं। चर्चा के दौरान हम भी हैरान थे कि वो पहले से ही इतना कुछ कैसे जानते हैं। पूनावाला ने कहा कि यही वजह रही कि बैठक में बहुत अधिक विस्तार से जानकारी नहीं देनी पड़ी। विभिन्न टीकों और उनसे जुड़ी चुनौतियों के बारे में संक्षिप्त ढंग से बात हुई।
भारत और कोवैक्स देशों में सबसे पहले उपलब्ध कराएंगे टीका
अदार पूनावाला ने कहा कि, भारत में वैक्सीन शुरू में वितरित की जाएगी, फिर हम कोवैक्स (COVAX) देशों में वितरित करेंगे, जो मुख्य रूप से अफ्रीका में हैं। एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड की ओर से यूके और यूरोपीय बाजारों में दवा उपलब्ध कराने पर भी ध्यान रखा जा रहा है। हमारी प्राथमिकता भारत और कोवैक्स देश हैं।
जुलाई 2021 तक 300-400 मिलियन खुराक की हो सकती है आपूर्ति
पूनावाला ने कहा कि अब तक हमारे पास भारत सरकार के साथ लिखित में कुछ भी नहीं है कि वे वैक्सीन की कितनी खुराक खरीदेंगे। मगर ऐसे संकेत हैं कि जुलाई 2021 तक 300-400 मिलियन खुराक की आपूर्ति करनी पड़ सकती है।
तीन शहरों की यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री पुणे पहुंचे
बता दें कि भारत में कोरोना के टीके के विकास की समीक्षा के लिए तीन शहरों की यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पुणे पहुंचे। यहां उन्होंने कोरोना वायरस वैक्सीन के विकास और निर्माण प्रक्रिया की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वैक्सीन के लॉन्च के समय, उत्पादन और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में टीम के साथ अच्छी बातचीत हुई- प्रधानमंत्री
समीक्षा बैठक के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में टीम के साथ अच्छी बातचीत हुई। उन्होंने अब तक की अपनी प्रगति के बारे में बताया। टीम ने टीका निर्माण को आगे कैसे बढ़ाया जाए, इस योजना के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही कोरोना वायरस वैक्सीन के विकास और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी साझा की।
भारत बायोटेक और जाइडस कैडिला के निर्माण केंद्र का किया दौरा
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह साढ़े नौ बजे अहमदाबाद के नजदीक दवा कंपनी जाइडस कैडिला के निर्माण केंद्र का दौरा कर टीका विकास समीक्षा दौरे की शुरुआत की। मोदी ने संयंत्र में करीब एक घंटे बिताए और फिर हैदराबाद रवाना हो गए, जहां उन्होंने टीका बनाने वाली एक अन्य कंपनी भारत बायोटेक के संयंत्र का दौरा किया।