नागपुर पुलिस ने गैंगस्टर छोटा राजन के मुंबई स्थित घर से चोरी करने वाले और हैदराबाद से उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। वहीं, तमिलनाडु के मदुरै में कार की दोपहिया वाहन से टक्कर लग गई। इससे एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई।
अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 51 साल के आरोपी मोहम्मद सलीम मोहम्मद हबीब कुरैशी पर 200 से अधिक मामले दर्ज हैं। मूल रूप से मुंबई का रहने वाला सलीम पिछले कई वर्षों से हैदराबाद में रह रहा है। उसका साथी शब्बीर उर्फ साबिर जमील कुरैशी मुंबई के गोवंडी इलाके का रहने वाला है और करीब दो दर्जन से अधिक मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं।
अधिकारी ने बताया कि दोनों ने 26 मार्च को एक स्थानीय कारोबारी के घर से कथित तौर पर करीब 18 लाख रुपये की नकदी और आभूषण चुराए थे। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी पर काम करते हुए, पुलिस ने दोनों को हैदराबाद में ट्रैक किया और मंगलवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चोरी के गहने मुंबई के एक सर्राफा डीलर को बेच दिए थे। अधिकारी ने बताया कि कई साल पहले सलीम ने मुंबई में छोटा राजन के घर पर चोरी की थी। वहां से चार से पांच करोड़ रुपये की नकदी और आभूषण चुरा लिए थे।
उन्होंने कहा कि जब राजन के गिरोह के सदस्यों ने सलीम के साथी को गोली मार दी, तो वह मुंबई से भाग गया और हैदराबाद में रहने लगा।
तमिलनाडु में कार ने दोपहिया वाहन को मारी टक्कर, पांच की मौत
तमिलनाडु के मदुरै में अचानक कार के ब्रेक में गड़बड़ी आने से दोपहिया वाहन से टक्कर लग गई। इससे कार कई फुट दूर बगल की लेन पर उतर गई, जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई।
तलावईपुरम जा रही कार के चालक ने दोपहिया वाहन से टकराने की कोशिश की लेकिन असफल रहा।
पुलिस ने बताया कि ब्रेक के अचानक काम नहीं करने के कारण कार नियंत्रण से बाहर हो गई और फल विक्रेता से टकरा गई। इससे कार बगल की लेन में जा गिरी।
उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान विलापुरम के 62 वर्षीय कनकावेल, उनकी पत्नी कृष्णाकुमारी (58), उनकी बहू नागज्योति (28) और उनके आठ वर्षीय पोते के रूप में हुई है। वहीं, फल विक्रेता की भी हादसे में जान चली गई। उसकी पहचान 55 वर्षीय पांडी के रूप में हुई है।
मुंबई में साइबर ठगों ने 63 वर्षीय अधेड़ को बनाया शिकार, बेटे का दोस्त बन की तीन लाख की ठगी
महाराष्ट्र के मुंबई से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक 63 वर्षीय अधेड़ के साथ तीन लाख की ठगी की गई है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि साइबर ठगों ने पीड़ित को कॉल किया और खुद को उनके बेटे का दोस्त बताया और उसी की आवाज की नकल कर उनसे तीन लाख की ठगी कर ली।
घटना 2 मार्च को हुई थी, लेकिन मामला सोमवार दोपहर को पूर्वी उपनगर के भांडुप पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। ठगों ने दो मार्च को, उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर वॉयस कॉल किया और खुद को कनाडा में रहने वाले उनके बेटे के दोस्त विकास गुप्ता के रूप में बताया।
चूंकि पीड़ित विकास गुप्ता को बचपन से जानते थे, इसलिए पीड़ित ने उस पर भरोसा कर लिया। इसके बाद पीड़ित ने कॉल करने वाले के खाते में 2 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए और अपने दो दोस्तों को भी 50-50 हजार रुपये जमा करने को कहा।
लेकिन होश तो तब उड़े जब विकास को दोबारा कॉल किया और उन्हें पता चला कि उसने कभी ऐसी कोई कॉल नहीं की थी। इसके बाद तीन मार्च को उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, अधिकारी ने बताया कि मामला सोमवार को दर्ज किया गया और आगे की जांच जारी है।
सियासी विमर्श में महिलाओं के लिए अभद्र भाषा निंदनीय : जग्गी वासुदेव
आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने राजनीतिक विमर्श में महिलाओं के लिए अभद्र भाषा के इस्तेमाल की निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, पिछले दो हफ्तों में राजनीतिक चर्चा में महिलाओं के बारे में इस्तेमाल की जाने वाली भाषा में रेट कार्ड, माता-पिता के बारे में सवाल और 75 वर्षीय महिला के बारे में घृणित टिप्पणियां शामिल हैं। ऐसे लोगों पर हमेशा के लिए प्रतिबंध लगा देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मीडिया और प्रभावशाली लोगों से अनुरोध है कि वे ऐसे लोगों पर हमेशा के लिए प्रतिबंध लगाएं।
तेलंगाना के आईपीएस अधिकारी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और तेलंगाना सतर्कता एवं प्रवर्तन विभाग के महानिदेशक राजीव रतन का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। राजीव रतन सुबह की सैर के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। सीएम ए. रेवंत रेड्डी ने 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी के निधन पर शोक जताया।
नहीं रहे द्रविड़ आंदोलन के प्रणेता और फिल्म निर्माता आरएम वीरप्पन
द्रविड़ आंदोलन के प्रणेताओं में से एक और तमिल फिल्म निर्माता आरएम वीरप्पन (98) का मंगलवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वीरप्पन ने पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में कार्य किया था और वह दिवंगत मुख्यमंत्री जानकी रामचंद्रन और जे जयललिता के मंत्रिमंडल में भी थे।
द केरल स्टोरी राज्य को अपमानित करने का संघ का एजेंडा : विजयन
फिल्म द केरल स्टोरी को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फिल्म राज्य को अपमानित करने के लिए संघ के एजेंडे का हिस्सा है। एक संवाददाता सम्मेलन में विजयन ने कहा कि कुछ लोगों की कल्पना के मुताबिक सरासर एक झूठ रचा गया। न केवल केरल, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों के लोग पहले ही इसके खिलाफ विरोध दर्ज करा चुके हैं।
ओडिशा में लुप्तप्राय जानवरों की खाल के साथ छह आरोपी गिरफ्तार
ओडिशा के गजपति जिले के परलाखेमुंडी वन क्षेत्र से पुलिस ने सात लुप्तप्राय जानवरों की खाल और 26.1 किलो पैंगोलिन के खोल (स्केल) के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि सात से पांच खाल तेंदुए की थीं, जबकि एक-एक फिशिंग कैट (मछुआरी बिल्ली) और लियोपार्ड कैट (तेंदुआ बिल्ली) की थी। डीएफओ एस आनंद ने बताया कि गिरफ्तारी शनिवार को हुई थी, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एजेंसी
भारत में अब तक नहीं मिले बर्ड फ्लू के संकेत : आईसीएमआर
अमेरिका के छह राज्यों में फैले बर्ड फ्लू को लेकर भारत में स्थिति काफी अलग है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की वैज्ञानिक डॉ. निवेदिता गुप्ता ने कहा है कि भारत में अब तक बर्ड फ्लू के संकेत नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के कुछ हिस्सों में एवियन इन्फ्लूएंजा प्रसारित होने की जानकारी मिली है। भारत में मवेशी और डेयरी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। यहां किसी नए तनाव का कोई संकेत नहीं है। ब्यूरो
तमिलनाडु : कार-बस की भिड़ंत में 3 माह की बच्ची सहित 5 की मौत
तमिलनाडु के ओलापलायम के पास एक कार और बस की टक्कर हो गई। इस दौरान एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन माह की एक बच्ची भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि कार सवार लोग थिरुकादैयुर में एक मंदिर से लौट रहे थे। उसी दौरान तभी तिरुपुर से तिरुचिरापल्ली जा रही सरकारी बस विपरीत दिशा में आ गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओलापलायम के पास सामने से आ रही कार से टकरा गई और लोगों को अस्पताल ले जाया गया लेकिन बचा नहीं सके।
भुवनेश्वर में फंदे से लटकी मिलीं महिला मुक्केबाज
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक महिला अपने हॉस्टल के कमरे में लटकी पाई गई। पुलिस ने कहा, पुरी जिले के जगदलपुर गांव की सरोजनी सुंदर एक मुक्केबाज और खो-खो खिलाड़ी थीं। उनकी मां ने कहा, आजीविका के लिए सरोजिनी वहां एक होटल में काम कर रही थी। बडागड़ा थाने की प्रभारी इंस्पेक्टर, तृप्ति रंजन नायक ने कहा, शाम करीब पांच बजे हॉस्टल मालिक की सूचना पर हम दरवाजा तोड़कर उनके कमरे में पहुंचे, जहां वह फंदे से लटकी मिलीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुणे: समोसों में मिले गुटखा और पत्थर, पांच गिरफ्तार
पुणे के पिंपरी चिंचवड़ में एक ऑटोमोबाइल कंपनी की कैंटीन के समोसे में गुटखा, कंडोम और पत्थर मिलने से हंगामा हो गया। पुलिस ने इस सिलसिले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को कहा, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों ने दुश्मनी निकालने के लिए ऐसा कृत्य किया, क्योंकि पिछले दिनों ऑटोमोबाइल कंपनी ने मिलावट की शिकायत के बाद उनकी फर्म का टेंडर खत्म कर दिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रहीम शेख, अजहर शेख, मजहर शेख, फिरोज शेख और विक्की शेख शामिल हैं। इनमें से फिरोज और विक्की समोसे की आपूर्ति करने वाली उप ठेका कंपनी के कर्मचारी हैं। इन दोनों ने ही समोसों में अवांछित चीजें भरी थीं। बाकी के तीनों आरोपी एक अन्य कंपनी के साझेदार हैं, जिनका अनुबंध कंपनी ने पूर्व में रद्द कर दिया था। एक अधिकारी ने बताया कि कैटलिस्ट सर्विस सॉल्यूशंस प्रा.लि., ऑटोमोबाइल फर्म की कैंटीन चला रही थी। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।