प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पार्टी पर जबरदस्त निशाना साधा। पीएम मोदी ने बजट सत्र के दौरान प्रधानमंत्री की कुर्सी के पास आकर प्रदर्शन करने वालीं कांग्रेस महिला सासंदों को भी निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने मेरठ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सांसदों को भेजकर सीट पर कब्जा करने से आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। वहीं उन्होंने एआई समिट के दौरान हुए प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।
देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई- मोदी
उन्होंने आगे कहा, 'समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं कि आपको कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी। कांग्रेस के नेताओं ने वहां पर जो कुछ किया, वो दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई है। कांग्रेस तो अपने देश को ही बदनाम करने में जुटी है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है, वे मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, और उन्हें भाजपा और एनडीए से विरोध है। कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि एआई ग्लोबल समिट भाजपा का समारोह नहीं था। यह देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था। लेकिन, कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दी। आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए, इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय बेशर्मी के साथ गरजते हैं, और यह मामला कांग्रेस की हरकतों का लगातार चल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि संसद में अपने साथी दलों को भी बोलने का मौका नहीं देते हैं। संसद को चलने नहीं देते हैं। इसका सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस के साथी दलों को हो रहा है। एआई समिट में कांग्रेस ने जो किया है, उससे साथी दल भी चौक गए हैं। सबने इससे किनारा कर लिया।