उत्तर प्रदेश में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) खुरासान से संबंधित युवकों के खुलासे से सुरक्षा एजेंसियां सकते में है। खुफिया जानकारी के मुताबिक आईएस खुरासान के तार उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, तेलंगाना और केरल समेत कई राज्यों में है। सुरक्षा एजेंसियों की चिंता यह है कि आईएस के इस नए गुट के निशाने पर मध्य एशिया के देश ईरान, रूस और चीन जैसे देश हैं। ऐसे में यूपी और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में आईएस खुरासान की पैठ को एजेंसियां बड़े खतरे का संकेत मान रही हैं। हालांकि गृहमंत्री राजनाथ सिंह भारत में आईएस के खतरे से लगातार इनकार करते रहे हैं।
मंगलवार को यूपी एटीएस की कार्रवाई से हुए खुलासे के बाद दिल्ली में कैबिनेट सचिवालय से लेकर गृह मंत्रालय तक सक्रिय हो गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत दोभाल की टीम पूरे घटनाक्रम पर खास नजर रख रही है। उच्च पदस्थ सरकारी सूत्रों ने बताया कि सीरिया और इराक में सैन्य कार्रवाई के दबाव में आईएस का बड़ा तबका अफगानिस्तान में आईएस खुरासान का संगठन खड़ा कर रहा है।