कोविड-19 महामारी को देखते हुए लाल बाग राजा गणेश मंडल ने इस साल गणेश चतुर्थी उत्सव रद्द करने का फैसला किया है। मुंबई में अपने पंडाल में गणपति की बेहद आकर्षक प्रतिमा तैयार करने वाले इस मंडल के सचिव सुधीर साल्वी ने बताया कि मंडल इस बार गणेश प्रतिमा नहीं लगाएगा।
उन्होंने कहा कि इस साल मंडल रक्त और प्लाज्मा दान शिविर आयोजित करेगा। इसके साथ ही मंडल उन पुलिसकर्मियों को वित्तीय सहायता भी देगा जिनकी मौत कोरोना वायरस की वजह से हुई है। बता दें कि मुख्यमंत्री ठाकरे ने इस साल गणेश उत्सव सादे तरीके से मनाने की अपील की थी।
बता दें कि गणेश चतुर्थी इस साल 22 अगस्त को है। लालबाग राजा मंडल अपने पंडाल में गणपति की प्रतिमा 1934 से लगा रहा है। साल्वी ने कहा, ‘हमने इस साल प्रतिमा न लगाने का निर्णय लिया है। यह उत्सव हम रक्त और प्लाज्मा दान शिविर लगाकर मनाएंगे। हम मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 लाख रुपये देने जा रहे हैं।’
महाराष्ट्र में गणेश उत्सव बेहद लोकप्रिय त्योहार है। मुंबई समेत राज्य के विभिन्न इलाकों में बड़े-बड़े पंडाल लगाए जाते हैं जहां 10 दिन तक हजारों श्रद्धालु आते हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ने पिछले महीने गणेश मंडलों से आग्रह किया था कि वह सामाजिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित करें।