सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या मामले पर सनुवाई की लाइव स्ट्रीमिंग करने के मामले में रजिस्ट्री को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने रजिस्ट्री से पूछा है कि मामले की सनुवाई के लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था करने में कितना समय लगेगा? सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टीस की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि वह रजिस्ट्री की रिपोर्ट देखने के बाद ही फैसला लेंगे कि इस मामले की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी या नहीं।
बता दें कि पूर्व आरएसएस विचारक केएन गोविंदाचार्य ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर छह अगस्त से शुरू होने वाले अयोध्या मामले की सुनवाई की लाइव स्ट्रीमिंग करने की गुहार लगाई थी गोविंदाचार्य का कहना है कि यह करोड़ों लोगों के हितों से जुड़ा मामला है, जो इस मामले में जल्द से जल्द न्याय मिलने की आस लगाए हुए हैं।
गोविंदाचार्य ने अपनी याचिका में कहा है कि भारत डिटिजल दुनिया में सुपर पावर बन चुका है, लिहाजा अयोध्या मामले की लाइव स्ट्रीमिंग करने की व्यवस्था की जानी चाहिए। अयोध्या मामला राष्ट्रीय महत्व का है। साथ ही जानने के हक को मौलिक अधिकार के दायरे में रखा गया है और न्याय तक पहुंच भी नागरिकों का अधिकार है। ऐसे में अयोध्या मामले की सुनवाई की लाइव स्ट्रीमिंग की जानी चाहिए।