सुप्रीम कोर्ट संवेदनशील संवैधानिक मामलों और राष्ट्रीय महत्व के मामलों की सुनवाई के सीधे प्रसारण संबंधी याचिका पर सुनवाई के लिए बृहस्पतिवार को सहमत हो गया है। महत्वपूर्ण मामलों की कार्यवाही के सीधे प्रसारण की मांग को लेकर वरिष्ठ वकील और पूर्व एडिशनल सॉलिसिटर जनरल इंदिरा जयसिंह ने दायर की है। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के सामने इस मामले का उल्लेख करते हुए जल्द सुनवाई की अपील की।
इस पर पीठ ने कहा कि वे इस पर विचार करेंगे। पीठ में जस्टिस एएम खानविलकर और जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ भी शामिल हैं। याचिका में कहा गया कि हर व्यक्ति को सूचना हासिल करने का अधिकार है। खासकर महत्वपूर्ण मामलों को लेकर होने वाली अदालती कार्यवाही के बारे में लोगों को मालूम होना चाहिए कि अदालत में क्या हुआ।
ऐसे में लोगों तक सही खबरें पहुंचे इसके लिए जरूरी है कि सुनवाई का सीधा प्रसारण किया जाए। याचिका में सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, कानून मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को प्रतिवादी बनाया गया है। पारदर्शिता लाने के तहत सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल हर राज्य की ट्रायल कोर्ट और ट्रिब्यूनल में ऑडियो के साथ सीसीटीवी वीडियो रिकॉर्डिंग की अनुमति दी थी।