सुप्रीम कोर्ट ने AIADMK की जनरल काउंसिल को निर्देश दिया है कि आगामी इरोड-पूर्व उपचुनाव में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार को लेकर एक प्रस्ताव पारित करने को कहा है, जो उपचुनाव में पार्टी का प्रतिनिधित्व करेगा। साथ ही शीर्ष अदालत ने तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम (OPS) सहित अन्नाद्रमुक के निष्कासित तीन सदस्यों को भी जनरल काउंसिल में मतदान करने की अनुमति दी है। अदालत ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष द्वारा उम्मीदवार के संबंध में जनरल काउंसिल के फैसले से चुनाव आयोग को अवगत कराया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर ओ पन्नीरसेल्वम खेमे के विधायक आर वैथिलिंगम (R. Vaithilingam) ने कहा कि आज का फैसला ई. पलानीस्वामी खेमे के लिए झटका है। उन्हें अंतरिम महासचिव के रूप में हस्ताक्षर करने का अधिकार नहीं है। हम प्रतीक्षा करेंगे और देखेंगे कि आगे क्या होता है। उन्होंने कहा कि हर चीज अच्छे के लिए होती है।
ईपीएस खेमे के नेता सीवी शनमुगम (CV Shanmugam) ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह सकारात्मक आदेश है। अन्नाद्रमुक की जनरल काउंसिल इरोड-पूर्व उपचुनाव के लिए उम्मीदवार का चुनाव करेगी, जिसकी घोषणा अंतरिम महासचिव ई. पलानीस्वामी ने की थी। प्रेसीडियम (Presidium Chairman) के अध्यक्ष तमिल मगन हुसैन (Tamil Magan Hussain) द्वारा चुनाव आयोग को निर्णय के बारे में सूचित किया जाएगा।
बता दें, अन्नाद्रमुक के दो गुटों ने 27 फरवरी को होने वाले इरोड-पूर्व उपचुनाव के लिए अपने-अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। ओ पन्नीरसेल्वम के नेतृत्व वाले गुट ने सेंथिल मुरुगन को अन्नाद्रमुक का उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि ई. पलानीस्वामी (EPS) के नेतृत्व वाले खेमे ने केएस थेनारासु को पार्टी उम्मीदवार बनाया है। दोनों गुट अन्नाद्रमुक पर अपना दावा ठोक रहे हैं। इसलिए यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है।
इस बीच, भाजपा और अन्नाद्रमुक के ई. पलानीस्वामी (ईपीएस) खेमे के रिश्तों में दरार पड़ती दिख रही है। कहा जा रहा है कि इरोड-पूर्व विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले ईपीएस खेमा भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से अलग हो सकता है। हाल ही में पार्टी के दफ्तर पर लगे बैनर से भाजपा के नेताओं के चेहरे गायब मिले थे। पीएम नरेंद्र मोदी का नाम भी बैनर से गायब था।
कांग्रेस उम्मीदवार ईवीकेएस एलंगोवन ने किया नामांकन
वहीं, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री ईवीकेएस एलंगोवन (E. V. K. S. Elangovan) ने शुक्रवार को इरोड (पूर्व) विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस नेता एलंगोवन ने रिटर्निंग ऑफिसर एन शिवकुमार के समक्ष नामांकन दाखिल किया। एलांगोवन के बेटे ई. थिरुमगन एवरा के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। पिछले महीने विधायक थिरुमगन एवरा का बीमारी के कारण 46 साल की उम्र में निधन हो गया था।
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए एलंगोवन ने कहा कि उन्हें अपनी जीत का पूरा भरोसा है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार के कार्यों की सराहना की। एलंगोवन ने कहा कि उपचुनाव जीतने के बाद वह इरोड में ट्रैफिक जाम और अन्य समस्याओं को हल करने के लिए कार्य करेंगे। प्रदूषण खत्म करने पर भी कार्य करेंगे।