फिल्मों में देर से पहुंचने पर प्रेमी-प्रेमिका के शिकायत करते ढेरों गाने फिल्माए गए हैं। और असल जिंदगी में तो दफ्तर से देर से लौटने पर पति-पत्नी के बीच झगड़े तक हो जाते हैं। पारिवारिक माहौल खराब का असर दफ्तर के काम पर भी पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के दिशा में भारत के सबसे बड़े और सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एक कदम उठाया है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अपने कर्मचारियों को हफ्ते में एक दिन समय पर घर जाने की छूट दे रहा है। यदि छूट मिलने के बाद भी कर्मचारी समय पर घर नहीं पहुंचते हैं तो इसकी शिकायत कर्मचारियों की पत्नियां पति के बॉस से कर सकेंगी।
एसबीआई के 'नई दिशा' प्रोग्राम के तहत यह पहल शुरू की गई है। ग्वालियर में भी इस प्रोग्राम को शुरू किया गया है। शहर की 40 शाखाओं में से 11 में यह प्रोग्राम शुरू हो चुका है। इसमें अलग-अलग तरह की कार्यकलाप कराए जा रहे हैं।
बैंक में काम करने वाला पति यदि समय पर घर न आए तो इसके लिए पत्नी को एक कोड दिया जाता है। इसे वह अपने पास रखेगी। इस कोड को वह अपने मोबाइल से स्कैन कर जो भी कमेंट लिखना चाहे वह लिख सकेगी। इसके साथ ही शिकायत भेजते समय पति का नाम और उनका पीएफ नंबर भी लिखना होगा। पत्नी की शिकायत बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच जाएगी।
एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन ग्वालियर के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी अवधेश अग्रवाल कहते हैं कि इससे कर्मचारी तनाव मुक्त होकर काम कर सकेंगे। इससे बैंक की भी प्रगति होगी और परिवार भी खुश रहेगा। उन्होंने माना कि एसबीआई प्रबंधन की यह पहल एक अच्छा कदम है।