पीएम मोदी ने सर्वम काजे की तारीफ में कहा कि यह सिर्फ एक गैजेट नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल डिजिटल भविष्य की झलक है। आने वाला समय भारत को तकनीक की दुनिया में अग्रणी बनाएगा। कार्यक्रम में मौजूद वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने बताया कि ‘सर्वम काजे’ आने वाले समय में पुलिस, ट्रैफिक कंट्रोल, डॉक्टरों और शिक्षकों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के तकनीकी भविष्य की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए देश का पहला स्वदेशी एआई स्मार्ट ग्लास ‘सर्वम काजे’ लॉन्च किया। सोमवार शाम को एआई एक्सपो के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री का अंदाज किसी साइंस-फिक्शन फिल्म के हीरो जैसा नजर आया, जब उन्होंने मंच पर स्मार्ट ग्लास पहनकर इसकी क्षमताओं का लाइव डेमो देखा।
विज्ञापन
सर्वम के सह-संस्थापक प्रत्यूष कुमार ने इस हाई-टेक वॉकथ्रू को सोशल मीडिया पर भी साझा किया। उन्होंने लिखा- इन्हें आजमाने वाले पहले व्यक्ति...हमारे प्रधानमंत्री। यह भारत में डिजाइन किया गया, भारत में निर्मित स्मार्ट ग्लास इस मई में बाजार में आएगा। सर्वम काजे इंटेलिजेंस को स्क्रीन से वास्तविक दुनिया में ले जाता है। आप इसे पहनते हैं। यह सुनता है, समझता है, प्रतिक्रिया देता है और आप जो देखते हैं उसे कैप्चर करता है। और आप सर्वम प्लेटफॉर्म के साथ इसके लिए कस्टम अनुभव बना सकते हैं। यह एक पूरी नई दुनिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, यह नवाचार मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की सोच को नई ऊंचाई देता है। उन्होंने इसे युवाओं और स्टार्टअप इकोसिस्टम की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि भारत अब सिर्फ तकनीक का उपभोक्ता नहीं, बल्कि वैश्विक नवाचार का नेतृत्व करने वाला देश बन रहा है।
विज्ञापन
दृश्य को समझने की रखता है क्षमता
‘सर्वम काजे’ एक एडवांस्ड एआई स्मार्ट ग्लास है, जो रियल-टाइम जानकारी दिखाने, आवाज से निर्देश लेने, भाषाओं का अनुवाद करने और आसपास के दृश्य को समझने की क्षमता रखता है। यह खास तौर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और प्रशासनिक सेवाओं में उपयोगी साबित हो सकता है।