सरदार पटेल पहले पीएम होते तो नहीं होतीं कई समस्याएं : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि अगर सरदार वल्लभ भाई पटेल भारत के पहले प्रधानमंत्री होते तो आज देश के सामने कई समस्याएं नहीं होतीं। दिल्ली में सरदार पटेल विद्यालय के छात्रों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सांविधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को गहरा करने के लिए काम किया है और देश की सुरक्षा को मजबूत किया है, इसलिए अब कोई भी भारत की सीमाओं पर बुरी नजर डालने की हिम्मत नहीं कर सकता।
गृह मंत्री ने बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा, दुनियाभर की अन्य सभी भाषाएं सीखें, लेकिन अपनी मूल भाषा न छोड़ें। भाषा बुद्धि नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति का एक रूप है। सरदार पटेल के बारे में बात करते हुए शाह ने कहा, सरदार पटेल न होते तो भारत का नक्शा वैसा न होता जैसा आज है... लक्षद्वीप, जोधपुर, जूनागढ़, हैदराबाद और कश्मीर को उन्होंने भारत में मिलाया। इससे पहले शाह ने मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से आयोजित रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाई।