शारदा चिटफंड घोटाले के सिलसिले में सीबीआई के समन के बावजूद शनिवार को पूछताछ के लिए पेश नहीं होने वाले कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार का शनिवार को भी कोई सुराग नहीं मिला। सीबीआई शनिवार से ही उनको तलाश रही है।
शनिवार शाम को आईपीएस राजीव कुमार ने सीबीआई को भेजे एक मेल में पत्नी की बीमारी का हवाला देते हुए पेशी के लिए एक महीने की मोहलत मांगी थी। लेकिन जांच एजेंसी उनको अब और समय देने के लिए तैयार नहीं है।
सीबीआई सोमवार को ही उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर सकती है। सीबीआई सूत्रों ने रविवार को बताया कि राजीव कुमार शुरू से ही पूछताछ में किसी न किसी बहाने हीला-हवाली करते रहे हैं। अब उनको और समय नहीं दिया जा सकता।
इस बीच, राजीव कुमार के नजदीकी सूत्रों ने बताया कि वे भी इस मामले में कानूनी सलाह ले रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुमार सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में एक विशेष अवकाश याचिका दायर कर सकते हैं। उनकी दलील होगी कि सीबीआई उनको बेवजह परेशान करने का प्रयास कर रही है।