नाइजीरिया से अगवा इंजीनियर 46 दिन बाद मुक्त
- फोटो : ANI
नाइजीरिया में समुद्री लुटेरों द्वारा अगवा किए गए इंजीनियर संतोष कुमार भारद्वाज 46 दिन बाद बुधवार की रात मंडुवाडीह स्थित अपने घर पहुंचे। पत्नी समेत पूरा परिवार उन्हें लेने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट गया था। उनकी रिहाई पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मुझे सूचित करते हुए अत्यंत खुशी है कि संतोष भारद्वाज नाइजीरिया में समुद्री डाकुओं से छूट गए हैं। परिवार के लोगों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुषमा स्वराज का आभार जताया है।
वाराणसी स्थित अपने घर में परिवारीजनों के साथ संतोष (ANI)
बिहार के मूल निवासी संतोष कुमार भारद्वाज मंडुवाडीह के कंदवा में रहते हैं। वह सिंगापुर की शिपिंग कंपनी ट्रांसओशन प्राइवेट लिमिटेड में मैकेनिकल इंजीनियर हैं। 26 मार्च को वह साथियों के साथ मालवाहक जहाज लेकर नाइजीरिया बंदरगाह से निकले थे। इसी दिन नाइजीरिया की सीमा में समुद्री लुटेरों ने संतोष समेत पांच लोगों को अगवा कर लिया। संतोष की पत्नी कंचन और मर्चेंट नेवी वेलफेयर सोसाइटी भी रिहाई के लिए लगातार प्रयासरत थे। पीएम के संसदीय कार्यालय में ज्ञापन देने के साथ ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी संपर्क किया गया था। सरकार के दबाव की वजह से ही डाकुओं ने संतोष समेत सभी पांच लोगों को आजाद किया। बुधवार की दोपहर संतोष मुंबई पहुंचे। मुंबई से देर शाम करीब 7:30 बाबतपुर एयरपोर्ट और रात करीब 8:45 बजे मंडुवाडीह स्थित अपने घर पहुंचे।
विदेश में है समस्या तो करें ट्वीट
इंजीनियर संतोष भारद्वाज की रिहाई में माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समुद्री डाकुओं द्वारा संतोष भारद्वाज के अगवा करने के बाद ट्विटर के जरिये इसकी सूचना विदेश मंत्री सुषमा स्वाराज को दी गई थी। सुषमा के हस्तक्षेप के बाद तत्काल विदेश मंत्रालय ने संतोष भारद्वाज को रिहा कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिया ।
संतोष ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि सरकार लगातार दूतावास और हमारी कंपनी के साथ संपर्क में रही।