शिवसेना के प्रवक्ता और सांसद संजय राउत को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रविवार को पात्रा चॉल भूमि घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। राउत से पहले उनके घर पर करीब नौ घंटे, फिर दक्षिण मुंबई स्थित ईडी दफ्तर में सात घंटे चली पूछताछ के बाद रात 12ः05 बजे धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया गया। संजय के घर से एजेंसी ने 11.50 लाख रुपये भी जब्त किए। ईडी अधिकारियों ने बताया कि जांच में सहयोग नहीं करने के कारण राउत को गिरफ्तार किया है। ईडी उन्हें सोमवार को विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश कर उनकी रिमांड मांगेगी।
ईडी टीम रविवार सुबह सात बजे औद्योगिक सुरक्षा बल के दस्ते के साथ राउत के भांडुप स्थित घर पहुंच गई थी। ईडी की अन्य टीमों ने इस बीच दादर व गोरेगांव में भी सर्च ऑपरेशन चलाया। शाम को टीम दस्तावेज के साथ संजय को लेकर घर से निकली। ईडी ने उन्हें 20 और 27 जुलाई को तलब किया था, लेकिन संसद सत्र का हवाला देकर वह पेश नहीं हुए। ईडी के साथ जाने से पहले संजय ने मीडिया से कहा, उन्हें फंसाया जा रहा है। 1040 करोड़ के चॉल घोटाले में राउत से 28 जून को पूछताछ हुई थी। ईडी सूत्रों ने कहा, डीएचएफएल-यस बैंक घोटाले में भी संजय से पूछताछ होगी, जिसमें पुणे का कारोबारी अविनाश भोंसले गिरफ्तार है। सूत्रों का दावा है कि दोनों घोटाले जुड़े हुए हैं।
भाई सुनील राउत ने कहा, आज सुबह कोर्ट में पेशी
संजय राउत के भाई सुनील राउत ने कहा कि संजय राउत को गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा उनसे डरती है इसलिए उन्हें गिरफ्तार करवाया है। उन्होंने हमें (उनकी गिरफ्तारी के संबंध में) कोई दस्तावेज नहीं दिया है। उसे फंसाया गया है। आज सुबह 11.30 बजे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
राउत बोले, झूठे सबूत बनाए जा रहे हैं
वहीं, शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि मेरे खिलाफ झूठी कार्रवाई, झूठे सबूत लोगों को मार-पीटकर बनाए जा रहे हैं। ये सिर्फ महाराष्ट्र और शिवसेना को कमजोर करने के लिए है लेकिन महाराष्ट्र और शिवसेना कमजोर नहीं होगी। संजय राउत झुकेगा नहीं और पार्टी भी नहीं छोड़ेगा।
इस बीच शिवसेना सांसद विनायक राउत ने कहा कि हम ईडी या सरकार के सामने नहीं झुकेंगे। हम शिवसेना के लिए लड़ते रहेंगे। हमें उन पर गर्व है, उन्हें महाराष्ट्र की जनता का पूरा समर्थन है।
राउत के वकील ने कहा, ईडी ने दस्तावेज जब्त किए
शिवसेना नेता संजय राउत के वकील विक्रांत सबने ने कहा कि उन्होंने (ईडी) प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट सीज किया है जो उन्हें महत्वपूर्ण लगे हैं, लेकिन उन्होंने पात्रा चॉल से संबंधित कोई डॉक्यूमेंट नहीं लिया है। हमने ईडी का ताजा समन स्वीकार कर लिया है। संजय राउत को पूछताछ के लिए लाया गया है। उन्होंने दावा किया कि ईडी ने आज सुबह संजय राउत को नया समन दिया है। उसी आधार पर संजय राउत बयान दर्ज कराने ईडी कार्यालय पहुंचे हैं। उन्हें न तो गिरफ्तार किया गया है और न ही हिरासत में लिया गया है।
इससे पहले संजय राउत को 27 जुलाई को ईडी ने तलब किया था। हालांकि, वह अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए थे। इसके बाद ईडी के अधिकारी उनके घर पहुंचे। राउत पर जांच में सहयोग न करने का आरोप है। सूत्रों की मानें तो अगर संजय राउत ईडी के सवालों का जवाब नहीं देते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।
संजय राउत के भाई का बयान
संजय राउत के भाई सुनील राउत ने कहा कि सुबह करीब सात बजे 20-22 अधिकारी तलाशी वारंट लेकर संजय राउत के आवास पर पहुंचे, लेकिन उन्हें पात्रा चॉल मामले से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला। गिरफ्तार होने के बाद भी वह झुकने वाले नहीं हैं। कोई दस्तावेज जब्त नहीं किया गया, कोई पूछताछ नहीं की गई। उन्होंने कहा कि उद्धव के करीबी होने की वजह से उनके भाई को परेशान किया जा रहा है।