संजय राउत ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में उद्धव ठाकरे और राकांपा (शरद पवार गुट) अध्यक्ष शरद पवार से संपर्क साधा था। अब भाजपा उन्हीं दलों से वोट मांग रही है, जिनमें उसने फूट डलवाई थी।
उपराष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर सत्ताधारी भाजपा और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी जोरों पर है। एक ओर जहां गृहमंत्री अमित शाह विपक्षी उम्मीदवार पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत विपक्ष की ओर से मोर्चा संभाले हुए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को संजय राउत ने दावा किया कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के एनडीए सांसदों में असंतोष है और भाजपा को क्रॉस-वोटिंग का डर सता रहा है।
विज्ञापन
उप-राष्ट्रपति चुनाव से पहले भाजपा घबराई
शिवसेना यूबीटी नेता राउत ने यह दावा भी किया कि उप-राष्ट्रपति चुनाव से पहले भाजपा घबराई हुई है और विपक्षी गठबंधन (INDIA) की पार्टियों से समर्थन मांग रही है। राउत ने कहा कि जिस तरह 2007 में शिवसेना (तब भाजपा की सहयोगी) ने महाराष्ट्र की बेटी प्रतिभा पाटिल को राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन दिया था, उसी तरह आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के सांसद विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी का समर्थन कर सकते हैं।
क्या आप डर रहे? संजय राउत ने ली चुटकी
इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि क्या आप डर रहे हैं कि क्रॉस-वोटिंग होगी? शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट को उन्होंने डुप्लीकेट बताते हुए कहा कि क्रॉस-वोटिंग तो डुप्लीकेट शिवसेना की तरफ से भी होगी। उनके पास कागजों पर बहुमत है, लेकिन विपक्ष का उम्मीदवार आंध्र प्रदेश से है। इस कारण वहां और तेलंगाना में बेचैनी है।
विज्ञापन
आगे संजय राउत ने कहा कि एसआईआर को लेकर राहुल गांधी द्वारा देशभर में बनाए गए माहौल का असर चुनाव पर पड़ेगा। बिहार समेत कई जगहों पर इसका असर क्रॉस-वोटिंग में दिख सकता है।
भाजपा उन दलों से वोट मांग रही जिनमें उसने फूट डलवाई
उन्होंने यह भी बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में उद्धव ठाकरे और राकांपा (शरद पवार गुट) अध्यक्ष शरद पवार से संपर्क साधा था। राउत ने कहा कि भाजपा उन्हीं दलों से वोट मांग रही है, जिनमें उसने फूट डलवाई थी।
राउत ने साफ किया कि उद्धव ठाकरे ने तानाशाही के खिलाफ लड़ने का स्पष्ट रुख अपनाया है और शिवसेना (यूबीटी) विपक्षी उम्मीदवार को ही वोट करेगी। गौरतलब है कि उप-राष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होगा। एनडीए की ओर से महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन मैदान में हैं, जबकि विपक्ष ने पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है।