महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के बारसु गांव में प्रस्तावित तेल रिफाइनरी के खिलाफ स्थानीय लोगों के एक वर्ग द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अजित पवार ने शनिवार को कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि विकास परियोजनाओं से पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचे। शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े थे।
इस मुद्दे के बारे में बात करते हुए महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता पवार ने कहा, हमने राज्य में विकास परियोजनाओं का कभी विरोध नहीं किया है...किसी भी परियोजना का क्रियान्वयन करने से पहले यह ध्यान रखा जाना चाहिए कि पर्यावरण को किसी भी तरह नुकसान नहीं पहुंचे। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से सभी हितधारकों के साथ चर्चा करने और सर्वश्रेष्ठ उपाय ढूंढने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा था कि प्रस्तावित रिफाइनरी परियोजना स्थानीय लोगों की सहमति के बिना क्रियान्वित नहीं जाएगी। उन्होंने लोगों से क्षेत्र में शांति की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा, हम जनता की सरकार हैं और हम उनके खिलाफ नहीं हैं। हम स्थानीय लोगों की सहमति के बिना आगे नहीं बढ़ेंगे।