संजय राउत, शिवसेना यूबीटी सांसद
- फोटो : Amar Ujala Graphics
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के नेताओं से अपने रुख पर दोबारा विचार करने की अपील की है। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से कहा कि वे देशहित को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे पर अपने फैसले पर पुनर्विचार करें।
राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब इन नेताओं ने शरद पवार की पार्टी को तोड़ा और उनके परिवार में फूट डाली, तब क्या यह देशहित में था? उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन विधेयक लोकतंत्र को बांधने और उसे अपने नियंत्रण में रखने के उद्देश्य से लाया गया है। राउत ने कहा कि उनकी पार्टी शरद पवार और एमके स्टालिन से अपील करेगी कि वे राष्ट्रीय हित में अपने रुख पर फिर से विचार करें।
सांसदों की खरीद-फरोख्त का भी लगाया आरोप
संजय राउत ने अपने बयान में सांसदों की खरीद-फरोख्त का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि एक-एक सांसद को खरीदने और क्रॉस वोटिंग कराने के लिए 150-150 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई है। राउत ने कहा कि सांसदों की कीमत 150 करोड़ रुपये तक लगाई जा रही है।
सोनिया गांधी, खरगे करेंगे पवार से मुलाकात
दूसरी तरफ, इंडिया गठबंधन की पार्टियां संसद में इस विधेयक का पुरजोर विरोध करेंगी। मोदी सरकार को राज्यसभा में बहुमत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। पवार गुट, डीएमके और अन्य दलों द्वारा इस विधेयक का समर्थन किए जाने की संभावना को देखते हुए, फिलहाल सत्ताधारी दल की स्थिति मजबूत नजर आ रही है। इसीलिए दिल्ली कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी सक्रिय हो गए हैं। ये दोनों नेता आज मुंबई आएंगे। मुंबई में वे सांसद शरद पवार से मुलाकात करेंगे। ये दोनों नेता पवार से अनुरोध करेंगे कि पवार समूह इस विधेयक का विरोध करें।