Maharashtra: एनसीपी नेता नवाब मलिक के दामाद समीर खान का निधन हो गया है। उन्होंने खुद इसकी जानकारी साझा की है। बता दें कि नवाब मलिक के पहली बेटी के पति समीर खान सड़क हादसे में घायल हो गए थे, जिसके बाद से उनका इलाज चल रहा था।
एनसीपी नेता और मानखुर्द शिवाजी नगर से उम्मीदवार, नवाब मलिक के दामाद समीर खान का निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक नवाब मलिक की पहली बेटी के पति समीर खान को सड़क हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनका इलाज चल रहा था। समीर खान अक्तूबर के तीसरे हफ्ते में सड़क हादसे का शिकार हुए थे, जिसके बाद से उनका इलाज चल रहा था। इस दौरान इस हादसे में समीर खान की पत्नी और नवाब मलिक की बड़ी बेटी भी घायल हो गई थी, जिनका इलाज अभी अस्पताल में जारी है।
विज्ञापन
नवाब मलिक ने अपने सभी कार्यक्रम किए स्थगित
नवाब मलिक ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी साझा की है। अपने ट्वीट में नवाब मलिक ने लिखा- मेरे दामाद समीर खान का निधन हो गया है। अल्लाह उन्हें जन्नत में सबसे ऊंचा स्थान दे। हम इस क्षति के शोक में हैं, इसलिए अगले दो दिनों के लिए मेरे सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। आपकी समझदारी के लिए धन्यवाद, कृपया उन्हें अपनी प्रार्थनाओं में रखें।
कैसे हुआ था हादसा?
जानकारी के मुताबिक, समीर खान और उनकी पत्नी चेकअप के लिए अस्पताल गए थे। इस दौरान ड्राइवर के गाड़ी पार्किंग से लाने के बाद गाड़ी में ब्रेक न लगने से गाड़ी समीर खान को घसीटती हुई एक दीवार से टकरा गई। इस दौरान घायल समीर खान दीवार और गाड़ी के बीच में फंस गए। हालांकि ये हादसा अस्पताल में हुआ था, जिससे उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। समीर खान इलाज के दौरान कोमा में चले गए थे। करीब दो हफ्ते इलाज के बाद उनका निधन हो गया।