भाजपा को हराने के लिए पूरा विपक्ष एकजुट हो गया है। इन कोशिशों पर भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने टिप्पणी की है। भाजपा प्रवक्ता का कहना है कि नरेंद्र मोदी को केवल महागठबंधन और हाफिज सईद रोकना चाहते हैं। हालांकि संबित ने बाद में यह सफाई देते हुए कहा है कि यह कोई तुलना नहीं है। हालांकि उनके इस बयान पर विपक्ष की तीखी प्रतिक्रिया देखने को जरूर मिल सकती है।
रविवार को पात्रा ने आतंकी संगठन जमात-उद-दावा प्रमुख और पाकिस्तान में बैठे हाफिज सईद का एक वीडियो ट्वीट किया। इस वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए और धमकी देते हुए नजर आ रहा है। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए
संबित ने कहा कि केवल अबतक नहीं बन पाया महागठबंधन ही नहीं बल्कि ऐसे और भी हैं जो शिद्दत से मोदी को भारत का पीएम बनने से रोकना चाहते हैं।
संबित ने ट्विटर पर लिखा- बेशक यह कोई तुलना नहीं है। मोदी जी का काले धन और भ्रष्टाचार पर हमला करने की वजह से भारत का विपक्ष एकजुट हो गया है। उनके आंतक और सर्जिकल स्ट्राइक पर हमले की वजह से हाफिज सईद निराशा में चला गया है। इससे साबित होता है कि मोदी सरकार सही दिशा में जा रही है।
बता दें कि देशभर में 4 लोकसभा सीटों और 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सारा विपक्ष मोदी के खिलाफ एकजुट हो गया था। इसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा और उसे करारी शिकस्त मिली थी।