Salman Khan RSS Event: समाजवादी पार्टी नेता अबू आसिम आजमी ने अभिनेता सलमान खान के आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सपा नेता ने दावा किया कि वो सरकार के दबाव में वहां गए होंगे।
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान हाल ही में मुंबई में आयोजित हुए आरएसएस के शताब्दी समारोह में नजर आए थे। जिस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। इस कड़ी में अब समाजवादी पार्टी नेता अबू आसिम आजमी का बयान भी आया है। उन्होंने दावा किया कि संघ के कार्यक्रम में जाने के पीछे अभिनेता सरकार के दबाव में होंगे।
विज्ञापन
'दबाव में वे वहां गए होंगे', सलमान पर बोले सपा नेता
दरअसल, सलमान खान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 2 दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला 'संघ की 100 वर्ष की यात्रा' में शामिल हुए। जिस पर मुंबई में मीडिया से बात करते हुए अबू आसिम आजमी ने कहा, 'मैं समझता हूं कि सलमान खान एक अभिनेता हैं और उन्हें देश में सम्मान के साथ रहना है। अगर सत्ता पक्ष के लोग कोई बात कहते हैं, तो मैं नहीं समझता कि सलमान खान में इतनी हिम्मत है कि वे उस बात को मना कर सकते हैं। सरकार के दबाव में वे वहां गए होंगे।'
संघ के कार्यक्रम पर राज ठाकरे ने भी की थी टिप्पणी
बता दें कि संघ का शताब्दी समारोह दो दिनों तक 7 और 8 फरवरी को मुंबई में मनाया गया था। इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को आरएसएस कार्यक्रम की आलोचना करने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों को निमंत्रण नहीं मिला, वे ही आपत्ति जता रहे हैं। गौरतलब है कि राज ठाकरे कहा था कि मुंबई में शताब्दी समारोह में लोग प्रेम के कारण नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी सरकार के 'डर' के कारण शामिल हुए थे।
सलमान के अलावा कई बॉलीवुड हस्तियां हुई शामिल
मुंबई में दो दिनों चले आरएसएस के शताब्दी समारोह के पहले दिन सलमान खान ने शिरकत की। इसके बाद अभिनेता विक्की कौशल के अलावा कई बॉलीवुड हस्तियां भी नजर आईं। गीतकार प्रसून जोशी और फिल्म निर्माता सुभाष घई, करण जौहर भी मौजूद रहे। एक्टर अक्षय कुमार भी रविवार को आरएसएस के कार्यक्रम में शिरकत हुए थे। एक्ट्रेस अनन्या पांडे भी कार्यक्रम में आईं थी।