दुनिया भर में बीते करीब एक साल से वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण का खौफ है। इस महामारी ने लोगों की जिंदगियां उजाड़ दी हैं। लोग घरों में कैद होकर रह गए। कोरोना ने करोड़ों लोगों को अपना शिकार बनाया, तो लाखों लोगों की जिंदगियां लील लीं। वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन में हजारों की संख्या में उद्योग एवं कंपनियों के दरवाजे पर ताले पड़ गए, लाखों बेरोजगार हो गए। यहां तक कि लाखों लोगों को दो वक्त की रोटी के लाले पड़ गए।
बहरहाल, इसके इतर इस भयावह दौर में भी कुछ अच्छी चीजें भी सामने आई हैं। संकट की इस घड़ी में मानवता और इंसानियत की मिसाल भी देखने को मिली। लोगों को एक-दूसरे की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाते देखा गया। बेहद डरावने पलों में वो योद्धा सामने आए, जिन्होंने अपनी जान पर खेलकर दूसरों की जान बचाई। दवा समेत तमाम जरूरी सामान और सुविधाएं लोगों तक पहुंचाईं। जिन्होंने अपनी, अपने परिवार और घर की चिंता किए बिना लोगों को सुरक्षित रखने का हरसंभव प्रयास किया। इस बीच कइयों ने तो अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए इस युद्ध में जान तक न्योछावर कर दी। आइए सलाम करते हैं ऐसे ही कोरोना योद्धाओं को, जिन्होंने इस संकट की घड़ी में अपना फर्ज बखूबी निभाया...