उत्तर प्रदेश भाजपा के नेता साक्षी महाराज ने मंगलवार को कहा कि सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी को खत्म करने के लिए काफी हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत से यहां संघ मुख्यालय में मुलाकात करने के बाद महाराज ने कहा कि कांग्रेस डूब रही है।
भाजपा नेता ने भागवत के साथ इस मुलाकात को शिष्टाचार दौरा बताया। मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'कांग्रेस अपने कृत्यों के कारण डूब रही है और हमें कुछ करने की जरूरत नहीं है।' साक्षी महाराज ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश में विपक्ष नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘सोनिया गांधी और राहुल गांधी कांग्रेस को खत्म करने के लिए काफी हैं और किसी को कुछ करने की जरूरत नहीं है।’ बता दें कि कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं द्वारा पूर्णकालिक और दिखने वाले नेतृत्व की मांग को लेकर लिखे गए एक पत्र के बाद से पार्टी में घमासान मचा हुआ है।
साक्षी महाराज ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी सराहना की। उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ देश के सबसे अच्छे मुख्यमंत्री हैं। वहीं, राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा, ‘अयोध्या में जल्द ही भगवान राम का भव्य मंदिर बनेगा।’