उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज की जुबान मंगलवार को फिर फिसली और विरोधियों पर विवादित बयान दिए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के तीन तलाक मामले पर केंद्र से हलफनामा मांगने के सवाल पर कहा कि मुस्लिम समाज में महिलाओं की स्थित बेहद खराब है। देश फतवों से नहीं चलता, इसके लिए कानून बनना चाहिए। तीन तलाक मुस्लिम समाज की महिलाओं के साथ अन्याय है।
मंगलवार को शिकोहाबाद रोड स्थित आश्रम में मीडिया से बात करते हुए भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में तीन तलाक मामले पर केंद्र सरकार को सटीक जवाब देना चाहिए था। भारतीय संविधान का सम्मान सभी को करना चाहिए। भाजपा सांसद ने राहुल गांधी की खाट बैठक पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह अभी पप्पू हैं।
यदि वह कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं तो देश खुद ही कांग्रेस मुक्त हो जाएगा। दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हो रहे उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ा लोकतांत्रिक पार्टी है। जैसे सागर में नदी और नाले सब मिल जाते हैं। ऐसे ही बीजेपी में सबका स्वागत है।