इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) बॉम्बे ने गुरुवार को आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल रवींद्र वाकोडे की मौत से जुड़े हालात के बारे में पहले दिए गए बयान के लिए औपचारिक रूप से माफी मांगी।
आईआईटी बॉम्बे ने एक्स पर 21 सितंबर, 2026 को जारी किए गए एक बयान को फिर से शेयर करते हुए माना कि औपचारिक जांच पूरी होने से पहले उस दुखद घटना से जुड़ी जानकारी जारी करना या उसके बारे में कोई राय बनाना जल्दबाजी होगी।
आईआईटी बॉम्बे के पोस्ट में क्या है?
पोस्ट में लिखा था, '21 सितंबर, 2026 की पिछली पोस्ट को फिर से शेयर कर रहे हैं। साहिल की दुर्भाग्यपूर्ण मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में हमारे पिछले संदेश में दिए गए बयानों के लिए हम माफी मांगते हैं। घटना से जुड़ी जानकारी और परिस्थितियों की जांच संबंधित अधिकारियों कर रहे हैं।
जांच को लेकर क्या बोला?
संस्थान के अधिकारियों ने इस बात पर भी जोर दिया कि सक्षम कानूनी और कानून लागू करने वाली एजेंसियां इन विवरणों की सक्रिय रूप से जांच कर रही हैं। आईआईटी बॉम्बे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'चल रही जांच को देखते हुए, उनकी मृत्यु से पहले की घटनाओं के विवरण को उचित जांच प्रक्रिया के जरिए सही ढंग से स्थापित किए बिना ही बताना या उनके बारे में कोई राय बनाना अनुचित था।'
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडिया
इस बीच, आईआईटी बॉम्बे में क्लास फिर से शुरू हो गई हैं। मुंबई पुलिस दूसरे साल के स्टूडेंट साहिल वाकोडे की आत्महत्या की जांच कर रही है। इसी दौरान, सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें कथित तौर पर इंस्टीट्यूट के एग्जाम हॉल के अंदर स्टूडेंट्स दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में क्या नजर आ रहा है?
इस कथित सीसीटीवी फुटेज में 18 सितंबर को दोपहर 12:37 बजे का टाइम स्टैम्प है। इसमें पहली लाइन में बैठा एक स्टूडेंट एग्जाम हॉल से बाहर जाता हुआ दिख रहा है, जबकि बाकी स्टूडेंट्स टेस्ट जारी रखे हुए हैं। फुटेज से स्टूडेंट की पहचान साफ नहीं हो पा रही है।
इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं की जा सकती है। हालांकि, सोशल मीडिया अकाउंट्स का दावा है कि हॉल से बाहर निकलते हुए दिखने वाला स्टूडेंट दिवंगत साहिल वाकोडे ही है। यह घटनाक्रम साहिल की मौत से पहले के हालात और उसके परिवार द्वारा प्रोफेसर सूर्यनारायण दूला व अन्य पर जाति-आधारित उत्पीड़न के आरोपों को लेकर चल रहे विवाद के बीच सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बी.टेक के दूसरे साल के छात्र साहिल वाकोडे (22) 18 सितंबर की शाम को अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके पाए गए। मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर चैटजीपीटी का इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पकड़े जाने के कुछ ही घंटों बाद यह घटना हुई।