सहारा की दस संपित्तयों की जल्द ही ई-नीलामी होगी। इन संपत्तियों की रिजर्व कीमत 1200 करोड़ रुपये रखी गई है। ई-नीलामी एचडीएफसी रियल्टी और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स कराएंगीं, जिन्हें पूंजी बाजार नियामक सेबी ने यह जिम्मेदारी सौंपी है।
एचडीएफसी रियल्टी को सहारा के 31 भूखंडों को 2400 करोड़ रुपये और एसबीआई कैप को 30 भूखंडों को 4100 करोड़ रुपये में बेचने को कहा गया है।
सेबी ने हाल में सुप्रीम कोर्ट की ओर से सहारा की संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश के बाद यह कदम उठाया है। सहारा की संपत्तियों के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज सुप्रीम कोर्ट में जमा हैं।
एचडीएफसी रियल्टी ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी करते हुए कहा है कि वह सहारा के पांच भूखंडों की नीलामी 4 जुलाई को सुबह 11 से 12 के बीच करेगी। इस नीलामी पर रिजर्व मूल्य पर 722 करोड़ रुपये मिलेंगे।
एसबीआई कैप. भी 7 जुलाई को सुबह साढ़े दस बजे से साढ़े ग्यारह बजे के बीच पांच भूखंडों की नीलामी करेगी। इससे रिजर्व प्राइस पर 470 करोड़ रुपये आएंगे। ये संपत्तियां आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और उत्तर प्रदेश में हैं। जो संपत्तियां बेची जा रही हैं उनमें कृषि और गैर कृषि दोनों तरह के भूखंड शामिल हैं।
अदालत के निर्देश के मुताबिक ये संपत्तियां सर्किल रेट की 90 फीसदी कम कीमत पर नहीं बेची जा सकती हैं। निवेशकों का पैसा न लौटाने के आरोप में जेल में बंद रहे सहारा प्रमुख सुब्रत राय आजकल पैरोल पर बाहर हैं।