आज से अयाप्पा मंदिर के खुले द्वार, पांच दिवसीय मासिक पूजा का कार्यक्रम
- फोटो : ANI
आज से केरल के सबरीमाला में सुप्रसिद्ध अय्यप्पा मंदिर में मासिक पूजा शुरू हो गई है। ये मंदिर मलयालम महीना चिंगम में पांच दिवसीय पूजा के लिए दोबारा खोला गया है। हालांकि कोरोना वायरस की वजह से इस मंदिर में अभी भक्तों को आने की अनुमित नहीं मिलेगी।
21 अगस्त को मासिक पूजा खत्म हो जाने के बाद सबरीमाला मंदिर को फिर बंद कर दिया जाएगा। त्रावणकोर देवासोम बोर्ड (टीडीबी) दक्षिण भारत में 1,000 मंदिर का संचालन करती है। इस बोर्ड ने 17 अगस्त से अपने नियंत्रण में आने वाले सभी मंदिरों के द्वार खोल दिए। हालांकि इसमें सबरीमाला मंदिर शामिल नहीं है।
बोर्ड का कहना है कि अगर सबरीमाला मंदिर के द्वार खोल दिए जाएंगे तो आस-पास के राज्यों के भक्त और श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आ जाएंगे और इससे कोविड-19 को रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर असर पड़ेगा। इससे पहले बोर्ड ने भक्तों के दर्शन के लिए योजना बनाई थी।
हालांकि इसमें एक शर्त थी कि श्रद्धालु ऑनलाइन बुकिंग करेगा और उसके पास कोविड-19 फ्री सर्टिफिकेट जरूर होना चाहिए। हालांकि केंद्र सरकार ने मई में सभी धार्मिक स्थलों को खोलने की इजाजत दे दी है, जिसमें चर्च, मस्जिद और मंदिर सब शामिल हैं लेकिन जून के पहले हफ्ते में कोरोना के मामलों में तेज उछाल के बाद इस योजना को स्थगित कर दिया।
बोर्ड ने एक प्रेस रिलीज में बताया कि सबरीमाला मंदिर 29 अगस्त से लेकर दो सितंबर तक ओनम पूजा के लिए एक बार और खोला जाएगा। बोर्ड के अध्यक्ष एन बासू ने कहा कि मलयालम महीना के लिए की जा रही है दशकों से चलती आ रही है। टीडीबी ने पहले ही भक्तों, दर्शनार्थियों से कोविड-19 नेगेटिव सर्टिफिकेट लाने के निर्देश दिए हुए हैं।